घटना के बाद परिजनों को व्हाट्सएप कॉल के जरिए 15 लाख रुपए की फिरौती की मांग की गई...
15 लाख की फिरौती के लिए किडनैप किए गए दो बच्चे सकुशल बरामद, 4 आरोपी गिरफ्तार !
इंदौर। पलासिया थाना क्षेत्र से देर रात गायब हुए दो बच्चों को पुलिस ने सकुशल रेस्क्यू कर लिया है। बच्चों के गायब होने के बाद वीडियो कॉल पर एक महिला द्वारा 15 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने अलग-अलग टीम बनाकर तलाश शुरू की और दत्त नगर की एक मल्टी से दोनों बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया। मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
इंदौर के पलासिया थाना क्षेत्र के गीता नगर और तिलक नगर के रहने वाले दो बच्चों के अचानक लापता होने से इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे लालाराम नगर गार्डन से गायब हुए थे। घटना के बाद परिजनों को व्हाट्सएप कॉल के जरिए 15 लाख रुपए की फिरौती की मांग की गई, जिससे परिवार दहशत में आ गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तुरंत एक्शन में आई और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में एक महिला बच्चों को अपने साथ ले जाती हुई दिखाई दी। इसी आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की तलाश तेज की। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए राजेंद्र नगर क्षेत्र के दत्त नगर स्थित एक मल्टी में दबिश दी, जहां दोनों बच्चों को बंधक बनाकर रखा गया था। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर सभी को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
पुलिस ने इस मामले में विनीत प्रजापति, राधिका प्रजापति, तनीषा सेन और ललित सेन को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में दो सगे भाई-बहन और एक पति-पत्नी शामिल हैं, जो आपस में परिचित बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि आरोपियों ने कर्ज चुकाने और अपनी महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने के लिए फिरौती के इरादे से यह साजिश रची थी। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। इस पूरे मामले को लेकर पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने मीडिया से चर्चा करते हुए जानकारी साझा की। साथ ही उन्होंने बच्चों को शैक्षणिक सामग्री भी भेंट की।


0 Comments