G News 24 : मुरार नदी क्षेत्र की कार्रवाई को लेकर पीड़ित परिवारों ने उठाई आवाज !

 आशीष उषा अग्रवाल ने दिलाया न्याय का भरोसा...

 मुरार नदी क्षेत्र की कार्रवाई को लेकर पीड़ित परिवारों ने उठाई आवाज !

ग्वालियर। मुरार नदी पर चल रही नगर निगम की कार्यवाही से प्रभावित पीड़ित परिवारों ने आज रविवार को पूर्व पार्षद देवेन्द्र पाठक के साथ ग्वालियर में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से अवगत कराया। पीडितों ने बताया कि नगर निगम द्वारा हमारी भूमि की विधिवत रजिस्ट्री की जा चुकी है तथा संबंधित अभिलेखों में नामांतरण भी विधिसम्मत रूप से दर्ज है, जिसके समस्त प्रमाणित दस्तावेज हमारे पास उपलब्ध हैं। 

पीड़ितों का कहना है कि हम नियमित रूप से भूमि कर एवं जलकर का भुगतान करते आ रहे हैं, जिनकी आधिकारिक रसीदें भी हमारे पास सुरक्षित हैं, इसलिए संबंधित प्रकरण पर पुनर्विचार किया जाना न्यायोचित होगा। पीड़ित परिवारों ने इस कार्यवाही को दुर्भावनापूर्ण एवं अन्यायपूर्ण बताते हुए अपनी पीड़ा व्यक्त की।

 प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल ने पीड़ित परिवारों को आश्वस्त किया कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार अत्यंत संवेदनशील है और किसी भी नागरिक के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने मौके पर ही कलेक्टर एवं नगर निगम कमिश्नर से दूरभाष पर चर्चा कर सोमवार को पीड़ित परिवारों की भेंट के लिए समय निर्धारित करवाया।

निर्धारित समयानुसार सोमवार को पीड़ित परिवार कलेक्टर एवं नगर निगम कमिश्नर से मुलाकात कर अपनी व्यथा एवं समस्याएं विस्तार से प्रस्तुत करेंगे। इस दौरान श्रीअग्रवाल ने पीड़ित परिवारों को भरोसा दिलाया कि वे उनके सुख-दुख में सदैव साथ हैं और किसी भी समस्या की स्थिति में उनके साथ मजबूती से खड़े रहेंगे।

Reactions

Post a Comment

0 Comments