G News 24 : ग्वालियर में आगरा की गैंग का आतंक,टमटम-टेम्पों में बैठे लोगों को बनाते है निशाना !

 गैंग आगरा के बरागांव इलाके से जुड़ी बताई जा रही है...

ग्वालियर में आगरा की गैंग का आतंक,टमटम-टेम्पों में बैठे लोगों को बनाते है निशाना !

ग्वालियर। शहर की सड़कों पर इन दिनों वाहन पर लिफ्ट देकर जेब काटने वाला गिरोह सक्रिय हो गया है। लम्बे समय से हो रही घटनाओं के बाद पुलिस को पता चला है कि यह गैंग आगरा का है। गैंग के सदस्य आगरा से ग्वालियर आते हैं शहर में चोरी और लूट की घटनाओं को अंजाम देते हैं। पुलिस के रडार पर आने के पहले ही वापिस लौट जाते है। यह गैंग आगरा के बरागांव इलाके से जुड़ी बताई जा रही है। इनके निशाने पर ग्वालियर रेलवे स्टेशन और उसके आसपास आने वाले भोले-भाले या बुजुर्ग यात्री टारगेट रहते हैं। गिरोह के सदस्य पहले लोगों से पता पूछने के बहाने बात करते हैं या फिर उन्हें लिफ्ट देने का ऑफर करते हैं। रास्ते में मौका देखकर उनकी जेब काट लेते हैं।

लिफ्ट देने के बहाने देते हैं घटना को अंजाम

गैंग के सदस्य पहले लोगों को लिफ्ट देते हैं और इसी दौरान मौका पाकर उनकी जेब से नकदी निकाल लेते हैं। पीड़ित को घटना का पता तब चलता है, जब आरोपी उसे रास्ते में उतारकर फरार हो जाते हैं। तब तक वे बाइक से काफी दूर निकल चुके होते हैं। पहचान छिपाने के लिए गैंग के सदस्य बिना नंबर की बाइक का इस्तेमाल करते हैं और हेलमेट व साफी से अपना चेहरा ढंक लेते हैं, जिससे पीड़ित उन्हें पहचान नहीं पाता। पिछले छह महीनों में इस गिरोह ने शहर में एक दर्जन से अधिक जेबकटी की वारदातों को अंजाम दिया है। पीड़ितों ने अलग-अलग थानों में शिकायतें दर्ज कराई हैं। पुलिस ने घटनास्थलों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले हैं, जिनमें आरोपी लोगों को लिफ्ट देकर ले जाते हुए दिखाई दिए हैं, लेकिन हेलमेट और कपड़े से चेहरा ढका होने के कारण उनकी पहचान नहीं हो सकी है।

सिटी में 3 ब्लैक स्पॉट

शहर के अंदर लगभग 2 किमी के इलाके में 3 ऐसे ब्लैक स्पॉट चिन्हित किये गये है। जहां यह गैंग सबसे अधिक सक्रिय रहती है। इनमें गोला का मंदिर, रेलवे स्टेशन बजरिया और बस स्टैंड है। यहां गिरोह के मेम्बर खड़े होकर रास्ता पूछने वाले या अकेले यात्रा कर रहे लोगों को निशाना बनाते हैं। गिरोह में कुछ महिलायें भी शामिल है। यह महिलायें टमटम या अन्य सवारी में बैठकर यात्रियों के बीच घुल मिल जाती है, मौका मिलते ही महिलाओं के जेवर या नगदी से भरे बैग चुराकर मौके से फरार हो जाती है।

तीन आरोपी गिरफ्तार

ग्वालियर के पड़ाव थाना पुलिस ने 3 मार्च की देर रात बस स्टैंड के पास मुखबिर की सूचना पर जेबकतरा गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया था। आरोपियों ने 18 फरवरी को टेंपो में सवार 65 वर्षीय रामजीलाल गुप्ता निवासी जीवाजीगंज, मुरैना की जेब काटकर 90 हजार रुपए चुरा लिए थे। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में से 10 हजार रुपए नकद भी बरामद किए थे।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 30 वर्षीय कुलदीप गिहार पुत्र सतीश गिहार, 18 वर्षीय गोपी गिहार पुत्र मनोज गिहार और 24 वर्षीय बच्चन गिहार पुत्र रामगोपाल गिहार के रूप में हुई है। तीनों आरोपी आगरा जिले के विष्णुपुरा, तहसील बरा, थाना बरा और सदर क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।

Reactions

Post a Comment

0 Comments