रेड क्रॉस सोसायटी द्वारा भी 10-10 हजार रूपये की तात्कालिक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई है
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मृतक के परिजन को चार-चार लाख की सहायता राशि स्वीकृत !
ग्वालियर। गाँधी रोड पर शुक्रवार की सुबह हुई दुःखद सड़क दुर्घटना में मृत पाँच लोगों के आश्रितों को जिला प्रशासन द्वारा रेड क्रॉस सोसायटी से 10-10 हजार रूपये की तात्कालिक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई है । साथ ही गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को भी 10 हजार रुपए की आर्थिक सहायता तात्कालिक रूप से दी गई है। राज्य शासन की अन्य योजनाओं के तहत भी मृतकों के आश्रितों को मदद उपलब्ध कराई जायेगी।
घटना की सूचना मिलने पर कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान जेएएच के ट्रामा सेंटर पहुँचीं और दुर्घटना में घायल व्यक्तियों का बेहतर से बेहतर उपचार करने के निर्देश दिए। उन्होंने मृतकों के परिजनों से भेंट कर ढाढ़स बंधाया। साथ ही भरोसा दिलाया की मृतकों के आश्रितों को शासन की योजनाओं के तहत हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
कलेक्टर ने महिला बाल विकास विभाग के अधिकारियों को मृतकों के बच्चों को विभागीय योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही शासन के प्रावधानों के अनुसार अन्य सहायता उपलब्ध कराने के लिए भी कहा है। मृतकों के परिजनों एवं घायलों की मदद के लिये कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के साथ एसडीएम नरेश कुमार गुप्ता, तहसीलदार श्रीमती मधुलिका तोमर व रमाशंकर सिंह सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी भी पहुँचे थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ग्वालियर की घटना पर दुख व्यक्त किया...
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ग्वालियर के थाटीपुर में हुई सड़क दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दिवंगतों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजन के साथ हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दुर्घटना में मृत नागरिकों के परिजन को 4-4 लाख रुपए और गंभीर रूप से घायलों को 1-1 लाख रुपए और सामान्य घायलों को 50-50 हजार रुपए प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बाबा महाकाल से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रार्थना की है।


0 Comments