जिले के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारी बैठक में मौजूद रहे ...
त्योहारों के मद्देनज़र कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के लिए SSP ने ली थाना प्रभारियों की बैठक !
ग्वालियर। आगामी त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से आज दिनांक 18 मार्च 2026 को कंट्रोल रूम ग्वालियर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह(भापुसे))द्वारा जिले के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अति. पुलिस अधीक्षक शहर(पूर्व) श्रीमती विदिता डागर(भापुसे), अति. पुलिस अधीक्षक शहर(पश्चिम/अपराध) श्रीमती सुमन गुर्जर(रापुसे), अति. पुलिस अधीक्षक ग्रामीण जयराज कुबेर(रापुसे) सहित समस्त सीएसपी/एसडीओपी एवं जिले के थाना प्रभारीगण उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर द्वारा सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आगामी त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां विशेष पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और भीड़-भाड़ वाले स्थानों, बाजारों, धार्मिक स्थलों एवं प्रमुख मार्गों पर नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से प्रभावी मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए।
त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाहों पर त्वरित नियंत्रण रखने के लिए सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने एवं अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रमुख चौराहों एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात पुलिस की विशेष ड्यूटी लगाने एवं पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के निर्देश भी दिए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर द्वारा सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, बीट स्तर पर संवाद स्थापित कर शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने तथा शांति समिति की बैठकें आयोजित कर गणमान्य नागरिकों एवं आयोजकों से समन्वय स्थापित कर संवेदनशील क्षेत्रों में फिक्स पिकेट, सतत पेट्रोलिंग के निर्देश दिये।










0 Comments