धार्मिक स्थलों एवं संवेदनशील स्थानों की मर्यादा बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाए...
होली सहित अन्य सभी त्योहार शांति व सौहार्द से मनें, इसे लेकर पुलिस अलर्ट,SSP ने ली की बैठक !
ग्वालियर। आगामी त्यौहारों होली, धुलेंडी, रंगपंचमी एवं रमजान माह के दौरान जिले में कानून व्यवस्था, शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने हेतु आज पुलिस कंट्रोल रूम सभागार में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह(भापुसे) द्वारा जिले के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं चौकी प्रभारियों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अति. पुलिस अधीक्षक शहर(पूर्व) श्रीमती विदिता डागर(भापुसे), अति. पुलिस अधीक्षक शहर(मध्य/यातायात) श्रीमती अनु बेनीवाल(भापुसे), अति. पुलिस अधीक्षक शहर(पश्चिम/अपराध) श्रीमती सुमन गुर्जर(रापुसे), अति. पुलिस अधीक्षक ग्रामीण जयराज कुबेर(रापुसे), प्रशिक्षु भापुसे अधिकारी मनोज कुमार सहित समस्त सीएसपी/एसडीओपी, थाना प्रभारी एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा निर्देशित किया गया कि त्यौहारों के दौरान जिले में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा, जो पूर्ण संसाधनों से लैस होकर संवेदनशीलता एवं सतर्कता के साथ ड्यूटी करेगा। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बलवा ड्रिल सामग्री एवं आवश्यक संसाधनों सहित पुलिस बल पूर्णतः तैयार रहेगा। उन्होंने निर्देश दिए कि होलिका दहन केवल परम्परागत एवं गैर-विवादित स्थलों पर ही कराया जाए तथा होलिका दहन के समय क्षेत्र में सघन पेट्रोलिंग, आगजनी से बचाव हेतु पर्याप्त संसाधन एवं आयोजकों द्वारा वॉलंटियर्स की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
एसएसपी ग्वालियर ने समस्त थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि डीजे संचालन निर्धारित समय एवं ध्वनि सीमा के अनुरूप ही किया जाए, अन्यथा नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। धार्मिक स्थलों एवं संवेदनशील स्थानों की मर्यादा बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाए, त्यौहारों के दौरान किसी भी वर्ग की धार्मिक भावनाएं आहत न हों, यह सुनिश्चित किया जाए। सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने हेतु पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शांति समिति की बैठकें आयोजित कर गणमान्य नागरिकों एवं आयोजकों से समन्वय स्थापित किया जाए। संवेदनशील क्षेत्रों में फिक्स पिकेट, सतत पेट्रोलिंग एवं पूर्व विवादों की समीक्षा कर आवश्यकतानुसार कार्यवाही की जाए।
एसएसपी ग्वालियर ने बैठक में थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि नशा कर उत्पात मचाने, मारपीट करने एवं विवाद करने वालों की पहचान कर कड़ी निगरानी रखते हुए प्रभावी कार्यवाही की जाएगी। जिन क्षेत्रों में पूर्व में झगड़े या शराबखोरी की शिकायतें अधिक रही हैं, वहां विशेष चेकिंग एवं पेट्रोलिंग की जाएगी।










0 Comments