GNews24 : अनियमिततायें साबित होने पर दो दर्जन समूहों को पोषण आहार वितरण से किया प्रतिबंधित !

 जन-सुनवाई में स्व-सहायता समूहों के संबंध में प्राप्त हुई शिकायत की जाँच के आधार पर... 

अनियमिततायें साबित होने पर दो दर्जन समूहों को पोषण आहार वितरण से किया प्रतिबंधित !

ग्वालियर। जाँच में घोर अनियमितता साबित होने पर जिले के स्व-सहायता समूहों को तीन वर्ष के लिये पोषण आहार वितरण से प्रतिबंधित कर दिया गया है। जन-सुनवाई में स्व-सहायता समूहों के संबंध में प्राप्त शिकायत की जाँच जिला प्रशासन द्वारा संयुक्त कलेक्टर की अध्यक्षता में गठित बहुसदस्यीय दल के माध्यम से कराई गई थी। इन्हीं समूहों से जुड़ीं महिलाओं द्वारा गत 24 फरवरी को अनावश्यक दबाव बनाने के लिये कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया गया है। 

जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास श्रीमती उपासना राय ने बताया कि पारदी मोहल्ला शिंदे की छावनी निवासी एक व्यक्ति द्वारा कलेक्ट्रेट की जन-सुनवाई में 24 स्व-सहायता समूहों द्वारा पोषण आहार वितरण में की जा रही अनियमितता की शिकायत दर्ज कराई थी। इस शिकायत की जाँच संयुक्त कलेक्टर की अध्यक्षता में गठित दल द्वारा की गई। जिसमें यह साबित हुआ कि पोषण आहार वितरण में संलग्न स्व-सहायता समूहों का संचालन किसी बाहरी व्यक्ति द्वारा किया जा रहा है। समूह के सदस्यों को न ही समूह के कार्य का ज्ञान है और न ही बचत राशि का । समूह की महिलाओं को लाभांश भी नहीं दिया जा रहा। अभिलेखों का संधारण भी नहीं किया जा रहा है। बाहरी व्यक्ति द्वारा चैक पर हस्ताक्षर कराकर राशि ली जा रही है। इन सब अनियमितता से साबित हुआ कि स्व-सहायता समूहों के उद्देश्यों की पूर्ति नहीं हो रही है। 

जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि समूहों को बाहरी व्यक्तियों/ठेकेदार द्वारा संचालित किए जाने की पुष्टि होने पर इन समूहों को पोषण आहार वितरण कार्य से तीन वर्ष के लिये प्रतिबंधित किया गया है। साथ ही समूहों के पीछे जो बाहरी व्यक्ति कार्य कर रहे हैं, उनकी जाँच कर विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। जाँच पूर्ण होने के बाद उनके नाम सार्वजनिक कर नियमानुसार वैधारित कार्रवाई की जायेगी। 

Reactions

Post a Comment

0 Comments