G News 24: सभी लोग शांति और सदभाव के साथ मनाएं सभी त्यौहार: जिला कलेक्टर

 जिला शांति समिति की बैठक में कलेक्टर ने जिलेवासियों से की अपील ...

सभी लोग शांति और सदभाव के साथ मनाएं सभी त्यौहार: जिला कलेक्टर

ग्वालियर। जिले में आपसी भाईचारा, शांति एवं सदभाव के साथ पारंपरिक ढंग से होली के साथ सभी त्यौहार मनाए जाएं। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने जिला शांति समिति की बैठक में जिलेवासियों से यह अपील की है। बैठक में महाशिवरात्रि, रमजान, होली, ईद-उल-फितर, रामनवमी, गुड़ी पड़वा, गुड फ्राइडे, चैती चाँद, हनुमान जयंती एवं बैसाखी त्यौहारों को ध्यान में रखकर चर्चा की गई। 

सोमवार को कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित जिला शांति समिति की बैठक में नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय, अपर कलेक्टर सी बी प्रसाद, एडिशनल एसपी सुश्री सुमन गुर्जर, शहर के सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, विभागीय अधिकारी सहित शांति समिति के सदस्य सर्वश्री संत कृपाल सिंह, शहरकाजी सहित शांति समिति के सदस्य एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। 

कलेक्टर श्रीमती चौहान ने कहा कि ग्वालियर जिले में सभी त्यौहार शांति और सदभाव के साथ मनाए जाते हैं। त्यौहारों के दृष्टिगत जिला शांति समिति की बैठक के साथ ही थाना स्तर पर भी बैठकों का आयोजन किया जायेगा। उन्होंने कहा कि त्यौहारों के दौरान ही बच्चों की परीक्षायें संचालित रहेंगीं। इसको ध्यान में रखकर ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित समय में धीमी गति के साथ किया जाए। 

बैठक में कलेक्टर ने कहा कि सभी त्यौहारों पर मंदिर, मज्जिद, गिरिजाघर व गुरुद्वारों सहित अन्य पूजा घरों के आसपास साफ-सफाई आदि के पुख्ता प्रबंध किए जायेंगे। इसके साथ ही त्यौहारों के दौरान विद्युत कटौती न हो, इस पर भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जायेगा। होली के त्यौहार पर पर्याप्त जल प्रदाय हो यह भी सुनिश्चित किया जायेगा। सुरक्षा की दृष्टि से पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात रहेगा। बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने अपने महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। जिनको गंभीरता से सुनकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

Reactions

Post a Comment

0 Comments