G News 24: एयरफोर्स के रिटायर्ड अधिकारी को डिजीटल अरेस्ट कर,ठगे ढाई करोड़ !

 देशभर में साइबर ठगी के बढ़ते मामलों को लेकर पुलिस और पब्लिक दोनों ही परेशान ...

एयरफोर्स के रिटायर्ड अधिकारी को डिजीटल अरेस्ट कर,ठगे ढाई करोड़ !

ग्वालियर। ग्वालियर में एक बार फिर साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। एयरफोर्स के एक रिटायर्ड अधिकारी को डिजीटल अरेस्ट कर साइबर ठगों ने 2 करोड़ 52 लाख रूपये की ठगी कर ली। साइबर ठग एयरफोर्स के रिटायर्ड अफसर व उसकी पत्नी को 28 जनवरी से डिजीटल अरेस्ट किये हुये थे। पुलिस ने सोमवार को इस मामले में शिकायत मिलते ही एफआईआर दर्ज कर ठगों की तलाश शुरू कर दी है। देशभर में साइबर ठगी के बढ़ते मामलों के बीच सोमवार को ग्वालियर में ढाई करोड़ रूपये से अधिक की साइबर ठगी सामने आई है। 

एयरफोर्स से रिटायर्ड 90 वर्षीय नारायण महादेव व उसकी पत्नी से साइबर ठगों ने जिंदगी भर की कमाई डिजीटल अरेस्ट में फंसे होने की धमकी देकर हड़प ली। डिजीटल अरेस्ट से हारे नारायण महादेव बैंक अधिकारी को संदेह होने पर व उसकी सलाह पर क्राइम ब्रांच थाने पहुंचे और अपनी आपबीती सुनाई तो पुलिस अधिकारी भी अबाक रह गये। ग्वालियर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि साइबर ठगों ने एयरफोर्स के रिटायर्ड अधिकारी नारायण महादेव को सीबीआई, ईडी जैसी एजेंसियों का अधिकारी बनकर काल किया और विभिन्न मामलों में उनके शामिल होने के नाम पर डराया धमकाया कि तुम्हे जेल भेज देंगे।

नारायण महादेव यहां अकेले रहते है उनके बच्चे बाहर रहते है इसीलिये वह बेहद डर गये और अपने सेविंग अकाउंट की राशि साइबर ठगों के खाते में ट्रांसफर कर दी। इसके बाद बैंक में जमा अपनी एफडीआर भी तुड़वाकर ठगों के खाते में रूपया भेज दिया। बाद में उनके बैंक मैनेजर ने जब उनसे पूछा और साइबर ठगी की शंका जाहिर की तो उन्होंने पुलिस के पास पहुंचकर अपनी आपबीती सुनाई। 

विंडसर हिल्स ग्वालियर निवासी नारायण महादेव की शिकायत पर क्राइम ब्रांच पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि साइबर ठगों की तलाश की जा रही है और रूपये ट्रांसफर होने वाले खातों को होल्ड करा दिया गया है। उन्होंने बताया कि जल्दी ही अपराधी दबोच लिये जायेंगे। उल्लेखनीय है कि ग्वालियर में एयरफोर्स के अधिकारी की साइबर ठगी से पूर्व गत वर्ष भी रामकृष्ण आश्रम मिशन के सचिव सुप्रदीप्तानंद से भी ढाई करोड़ की साइबर ठगी हो चुकी है, उन्हें भी इसी तरह डिजीटल अरेस्ट किया गया था। 

Reactions

Post a Comment

0 Comments