G News 24 : बाल सुधार गृह से दो पाकिस्तानी समेत 3 नाबालिग फरार, पुलिसकर्मियों को भी किया घायल !

 जुवेनाइल ऑब्जर्वेशन होम में रह रहे 3 नाबालिग,पुलिस पर हमला कर फरार हो गए...

बाल सुधार गृह से दो पाकिस्तानी समेत 3 नाबालिग फरार, पुलिसकर्मियों को भी किया घायल !

जम्मू। जम्मू के जुवेनाइल ऑब्जर्वेशन होम में 3 नाबालिगों ने पुलिस पर हमला कर फरार हो गए. इनमें दो पाकिस्तानी नागरिक शामिल हैं. पुलिस ने तलाश के लिए स्पेशल टीमें बनाई हैं. जम्मू के आर एस पुरा इलाके में बने जुवेनाइल ऑब्जर्वेशन होम से सोमवार शाम बड़ा मामला सामने आया. यहां बंद 3 नाबालिगों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया और उसके बाद वहां से फरार हो गए. घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है.

शाम 5:15 बजे हुआ हमला

सूत्रों के मुताबिक, सोमवार (16 फरवरी) शाम करीब 5:15 बजे ऑब्जर्वेशन होम के अंदर अचानक अफरा-तफरी मच गई. अंदर बंद 3 नाबालिग कैदियों ने मौके का फायदा उठाते हुए वहां मौजूद दो पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया. हमले में दोनों पुलिसकर्मी घायल हो गए. इसके बाद तीनों नाबालिग दीवार फांदकर या किसी अन्य तरीके से वहां से भाग निकले.

दो पाकिस्तानी नागरिक भी शामिल

जम्मू पुलिस के अनुसार फरार हुए तीनों नाबालिगों में दो पाकिस्तानी नागरिक हैं. उनकी पहचान पंजाब के एहसान अनवर और मुजफ्फराबाद के मोहम्मद सुना-उल्लाह के रूप में हुई है.

तीसरा आरोपी करनजीत सिंह उर्फ गुग्गा बताया जा रहा है, जो आरएसपुरा के दबलेहर इलाके का रहने वाला है. पुलिस के मुताबिक ये तीनों एक मामले में जुवेनाइल होम में बंद थे.

हमले के दौरान ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है. घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं कि आखिर इतनी सख्ती के बीच तीन नाबालिग कैसे फरार हो गए.

स्पेशल टीमें कर रहीं छापेमारी

जम्मू पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है. फरार आरोपियों की तलाश के लिए स्पेशल टीमें बनाई गई हैं. ये टीमें अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर रही हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. सीमावर्ती इलाके होने की वजह से सुरक्षा एजेंसियों को भी अलर्ट कर दिया गया है.पुलिस का कहना है कि तीनों को जल्द पकड़ लिया जाएगा और पूरे मामले की गहराई से जांच की जाएगी.

Reactions

Post a Comment

0 Comments