G News 24 : कांग्रेस के नेताओं की गिरफ्तारी पर,शिमला पुलिस ने दिल्ली पुलिस के करीब 20 जवानों पर की FIR की !

हाईवोल्टेज ड्रामा, कांग्रेस नेताओं के लिए आपस में भिड़ गईं दिल्ली और शिमला पुलिस...

कांग्रेस के नेताओं की गिरफ्तारी पर,शिमला पुलिस ने दिल्ली पुलिस के करीब 20 जवानों पर की FIR की !

शिमला में दो स्टेट की पुलिस का आमना सामना देख पब्लिक हैरान रह गई. सड़क किनारे पुलिस के अधिकारी गलियों में होने वाले झगड़े की तरह झगड़ते रहे. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. लोगों को समझ नहीं आ रहा कि झगड़ा किस बात पर हुआ. कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करने पर शिमला पुलिस ने आपत्ति क्यों जताई?

सर, मैं अपने कोर्ट में पेश कर सकता हूं... अभी आप रुक जाइए आपके ऊपर एफआईआर... सर एक मिनट, एक मिनट, मेरी पहले से एफआईआर रजिस्टर है 20 तारीख की. मैं आज सुबह अरेस्ट कर चुका हूं. मैं ले जा रहा हूं और आपने मुझे दिनभर से रोक रखा है. अब आप नाके पर रोक रहे हैं... कुछ इसी तरह से वायरल वीडियो में सड़क किनारे दिल्ली और शिमला पुलिस के अफसर झगड़ते दिख रहे हैं. 

विवाद इतना बढ़ गया कि बुधवार को शिमला पुलिस ने तीन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के कथित अपहरण के आरोप में दिल्ली पुलिस के करीब 20 जवानों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली. कुछ दिन पहले दिल्ली और बंगाल पुलिस के साथ भी ऐसा ही टकराव देखने को मिला था. इस बार कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी पर ऐसा क्या हो गया? 

1. दिल्ली पुलिस शिमला में क्या करने गई थी? दरअसल, दिल्ली में हुए एआई इंपैक्ट समिट में शर्ट उतारकर प्रोटेस्ट करने के मामले में यूथ कांग्रेस के तीन कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करने दिल्ली पुलिस हिमाचल प्रदेश गई थी. 

2. फिर शिमला पुलिस के साथ DP का टकराव क्यों? कहा जा रहा है कि दिल्ली पुलिस (DP) ने हिमाचल प्रदेश की पुलिस को बिना बताए चुपके से कार्रवाई की. ऐसे में शिमला पुलिस ने दिल्ली पुलिस को रोक लिया. पता चला है कि बुधवार को दिल्ली पुलिस की टीम सादे कपड़ों में छह गाड़ियों में भरकर रोहड़ू के एक रिजॉर्ट में पहुंची. वहां से तीन गेस्ट को पकड़ा गया और उनकी थार गाड़ी भी कथित तौर पर जब्त कर ली गई. सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर (डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर, इसमें ही वीडियो रिकॉर्ड होता है) निकाल ली, जो रिजॉर्ट में लगे थे. शिमला पुलिस ने कहा कि इसके लिए कोई सीजर मेमो या रसीद भी नहीं दी गई. 

3. शिमला पुलिस को आपत्ति क्या है? शिमला पुलिस ने दिल्ली पुलिस ऐक्शन पर ही ऐतराज जताया. हिमाचल पुलिस का तर्क है कि ऐसे दूसरे राज्य में ऑपरेशन के लिए स्थानीय पुलिस को बताना और तालमेल बनाना जरूरी होता है लेकिन ऐसा नहीं किया गया. ऐसे में यह अपहरण का मामला है. विवाद बढ़ा तो बात कोर्ट तक पहुंच गई. इधर, बुधवार रात 8 बजे के करीब शिमला में दिल्ली पुलिस की टीम के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कर ली गई. 

कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को प्रक्रिया पूरा करने को कहा. DP ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था जबकि शिमला पुलिस ने दिल्ली पुलिस की टीम को ही हिरासत में ले लिया. दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि उनकी गाड़ियों को शोघी बैरियर पर रोक दिया गया. देर रात तक दोनों टीमों में बहस होती रही. 

4. कौन हैं तीनों आरोपी, जिन्हें दिल्ली पुलिस ने पकड़ा? यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में सौरभ, अरबाज और सिद्धार्थ के नाम सामने आए हैं जिन्हें दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया था. कोर्ट ने पुलिस को ट्रांजिट रिमांड भी दे दी. पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मेडिकल जांच शिमला के एक अस्पताल में कराई. इन पर आरोप है कि ये शर्टलेस प्रोटेस्ट में शामिल थे और इनकी अहम भूमिका थी. 

5. आखिर में क्या शिमला पुलिस ने दिल्ली पुलिस की टीम को छोड़ा? शिमला पुलिस ने पहले दिल्ली पुलिस की गाड़ी जब्त कर ली थी. NH-5 पर दिल्ली पुलिस के जवानों को बीच रास्ते में रोक रखा गया. कांग्रेस कार्यकर्ताओं को ले जाने के लिए तीन अफसरों को जाने के लिए कहा, बाकी को शिमला पुलिस की ओर से दर्ज FIR के संबंध में जांच में शामिल होने के लिए कहा. हालांकि तड़के दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, 'हम अब यहां से जा रहे हैं.' जब उनसे पूछा गया कि शिमला पुलिस ने क्या दिल्ली पुलिस की सभी गाड़ियों को छोड़ दिया है तो उन्होंने 'हां' में सिर हिलाया.

Reactions

Post a Comment

0 Comments