G News 24 : कड़ाके की ठंड के बीच दिल्ली-NCR एवं उत्तर भारत में बारिश अब और गलाएगी सर्दी !

 घने कोहरे और शीतलहर के कारण लोगों की हालत खराब हो रही है...

कड़ाके की ठंड के बीच दिल्ली-NCR एवं उत्तर भारत में बारिश अब और गलाएगी सर्दी !

दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में इस वक्त कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। घने कोहरे और शीतलहर के कारण लोगों की हालत खराब हो रही है। इस बीच शुक्रवार को दिल्ली-एनसीआर में सुबह-सुबह बारिश भी शुरू हो गई है। बारिश के कारण ठंड के और ज्यादा बढ़ने की संभावना जताई जा रही है जिससे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ सकती है। आइए आपको इसके साथ ही बताते हैं कि शुक्रवार को कैसा रहने वाला है दिल्ली का मौसम।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार को कड़ाके की ठंड देखने को मिली थी। दिल्ली में बीते दिन दिल्ली में अधिकतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस देखने को मिला। ये औसत से 1.5 डिग्री सेल्सियस कम है। वहीं, दिल्ली का न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस रहा। ये इस साल का सबसे कम तापमान है। दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.1 डिग्री सेल्सियस कम रहा। मौसम विभाग ने जानकारी दी थी कि गुरुवार को दिल्ली के सफदरजंग और पालम में घना कोहरा देखने को मिला था। इसके कारण दृश्यता कम हो गई।

कैसा रहेगा आज का मौसम?

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) की ओर से जारी किए गए डेटा के मुताबिक, गुरुवार को सुबह राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में AQI में मामूली सुधार देखने को मिला। दिल्ली का AQI 276 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ कैटेगरी में आ आता है।

मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए घने कोहरे का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है जबकि न्यूनतम तापमान के लगभग छह डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान के लगभग 17 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। गुरुवार को राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

यूपी-एमपी में कड़ाके की ठंड

यूपी -एमपी में भी ठंड की वजह से लोगों का हाल बेहाल है। यहां कई इलाकों में तेज हवाओं की वजह से ठंड में कोई कमी नहीं दर्ज की गई है। हालांकि दिन में धूप निकलने की वजह से लोगों को थोड़ी राहत जरूर मिल रही है। मौसम विभाग की मानें तो अगले तीन दिनों तक मौसम साफ रहेगा। मौसम विभाग ने पूरे प्रदेश में शीत और अधिक कोहरे को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है, लेकिन ठंड से राहत भी नहीं मिलने वाली है। वहीं मौसम विभाग ने अगले सप्ताह से प्रदेश भर में फिर से शीतलहर की आशंका जताई है।

पहाड़ी राज्यों में घने कोहरे की आशंका

पहाड़ी राज्यों की बात करें तो यहां भी ठंड काफी ज्यादा पड़ रही है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों में अगले 4-5 दिनों तक घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है। इस दौरान शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी। ठंड की वजह से यहां लोग दिन में भी बाहर निकलने से बच रहे हैं। कश्मीर में भी कुछ इसी तरह के हालात हैं। यहां कई इलाकों में तापमान माइनस में चल रहा है। वहीं कई इलाकों में बर्फबारी भी देखने को मिल रही है। कश्मीर में लोगों को अनावश्यक बाहर न निकलने की चेतावनी दी गई है। 

इन राज्यों में बारिश को लेकर अलर्ट

एक तरफ जहां उत्तर भारत में ठंड से आमजन परेशान हैं तो वहीं दक्षिण भारत के अधिकतर राज्यों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। इसमें तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में बंगाल की खाड़ी में गहरा अवदाब के कारण 9-10 जनवरी को भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। यहां कई जिलों में यलो और ऑरेंज अलर्ट भी जारी कर दिया गया है। इसके अलावा समुद्री मछुवारों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। समुद्र में लगातार ऊंची-ऊंची लहरें उठ रही हैं।


Reactions

Post a Comment

0 Comments