G News 24 : आंगनबाड़ी में लापरवाही पाए जाने पर समूह अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता,पर्यवेक्षक व सहायिका को नोटिस जारी !

 कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने किया आंगनबाड़ी केन्द्र का आकस्मिक निरीक्षण ...

आंगनबाड़ी में लापरवाही पाए जाने पर समूह अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता,पर्यवेक्षक,सहायिका को नोटिस जारी !

ग्वालियर। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने मंगलवार को सुबह अचानक मुरार क्षेत्र के आंगनबाड़ी केन्द्र गेरूवाला बंगला का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केन्द्र पर अव्यवस्थायें पाए जाने पर स्व-सहायता समूह के अध्यक्ष, संविदा पर्यवेक्षक सेक्टर क्रमांक-3 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं आंगनबाड़ी सहायिका को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। 

कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने मंगलवार को प्रात: लगभग 11 बजे आंगनबाड़ी केन्द्र गेरूवाला बंगला मुरार का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केन्द्र पर पोषण स्वल्पाहार प्रदान नहीं किया जाना पाया गया। इसके साथ ही केन्द्र पर अन्य व्यवस्थाओं को दृष्टिगत रखते हुए संबंधित को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए हैं। कलेक्टर श्रीमती चौहान ने राधेश्याम स्व-सहायता समूह पीएण्डटी कॉलोनी के अध्यक्ष / सचिव को नोटिस जारी कर आंगनबाड़ी केन्द्र में बच्चों को स्वल्पाहार न पहुँचाने के कारण 10 हजार रुपए अर्थदण्ड आरोपित करते हुए नोटिस जारी किया है। इनसे तीन दिवस के अंदर समक्ष में उपस्थित होकर अपना लिखित स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं। 

इसके साथ ही संविदा पर्यवेक्षक श्रीमती चंद्रकला राजपूत, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती शीला दीक्षित एवं आंगनबाड़ी सहायिका श्रीमती मीना सविता को अपने पदीय दायित्वों के प्रति लापरवाही बरतने पर कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिवस के भीतर अपना जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। 

Reactions

Post a Comment

0 Comments