पूर्व सांसद श्री शेजवलकर ने कराया संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन...
ग्वालियर जिले में गरिमा के साथ मना संविधान दिवस,संविधान की उद्देशिका का हुआ सामूहिक वाचन !
ग्वालियर। ग्वालियर जिले में भी 26 नवंबर को गरिमामय ढंग से संविधान दिवस मनाया गया। संविधान दिवस के उपलक्ष्य में बाल भवन के सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस अवसर पर पूर्व सांसद श्री विवेक नारायण शेजवलकर ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधिगणों, गणमान्य नागरिकों एवं विद्यार्थियों को संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन कराया। साथ ही सभी को संविधान दिवस की बधाई व शुभकामनायें दीं।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती दुर्गेश कुंवर सिंह जाटव व उपाध्यक्ष श्रीमती प्रियंका सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया व राजेन्द्र पाल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत व नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय समेत अन्य अधिकारी शामिल हुए।
पूर्व सांसद शेजवलकर ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय इतिहास में 26 नवंबर का दिन सबसे महत्वपूर्ण दिवस है। आज ही के दिन भारतीय संविधान अंगीकार किया गया था। हम सबको हमेशा यह याद रखना चाहिए कि संविधान ने हमें अधिकार दिए हैं तो कर्तव्य भी बताए हैं। हमें इन कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए।
भाजपा जिला अध्यक्ष राजौरिया ने कहा कि भारतीय संविधान दुनिया का सबसे बड़ा लिखित संविधान है। हम सभी को संविधान का सम्मान करते हुए अधिकारों के उपयोग के साथ कर्तव्यों का भी पालन करना चाहिए।आरंभ में अतिथियों ने दीप प्रज्जवलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. एस बी ओझा द्वारा किया गया।
संविधान पर केंद्रित प्रदर्शनी भी लगी
बाल भवन परिसर में संविधान पर केन्द्रित प्रदर्शनी भी लगाई गई। कार्यक्रम में भाग लेने आए जनप्रतिनिधियों एवं शहर के नागरिकों ने बड़ी रुचि के साथ इस प्रदर्शनी को देखकर संविधान के संबंध में अपना ज्ञानवर्धन किया। प्रदर्शनी देखने एवं कार्यक्रम में शामिल होने आए विद्यार्थियों के साथ कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने ग्रुप फोटो खिंचवाई। साथ ही संविधान पर केन्द्रित सेल्फी पॉइंट पर भी अपनी फॉटो खिंचवाई।
संविधान पर केन्द्रित फिल्म का प्रदर्शन भी हुआ
संविधान दिवस पर बाल भवन में आयोजित हुए कार्यक्रम में संविधान पर केन्द्रित लघु फिल्म भी दिखाई गई। इस लघु फिल्म में भारतीय संविधान के निर्माण में योगदान देने वाली महिला विभूतियों को विशेष तौर पर दिखाया गया था।
जिले भर में हुए कार्यक्रम , कार्यालयों एवं विभिन्न संस्थाओं में भी हुआ उद्देशिका का वाचन
भारतीय संविधान को अंगीकृत करने के 76 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ग्वालियर जिले में भी उत्साह व उमंग के साथ संविधान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों सहित जगह-जगह भारतीय संविधान की उद्देशिका का वाचन किया गया।
संविधान दिवस पर संभागीय जनसंपर्क कार्यालय, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, उप संचालक कृषि कार्यालय, जिला सहकारी बैंक, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, उप संचालक पशुपालन कार्यालय, जिला महिला बाल विकास कार्यालय, मछली पालन केन्द्र, आबकारी विभाग,कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, एवं जनपद पंचायत कार्यालय डबरा सहित अन्य शासकीय कार्यालयों में भी संविधान की उद्देशिका का वाचन किया गया।










0 Comments