निगमायुक्त ने की समय सीमा की बैठक...
शिकायतों का निराकरण तत्काल करें अन्यथा कार्यवाही के लिए तैयार रहें : निगमायुक्त
ग्वालियर। शहर के अनेक क्षेत्रों में जल भराव होने पर जल निकासी की व्यवस्था समय सीमा में नहीं हो पा रही है तथा कई स्थानों पर तो कई कई दिनों तक जल निकासी नहीं हो पाती है। जो कि बहुत ही गंभीर बात है, संबंधित अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि जहां भी जल भराव हो वहां आवश्यक संसाधन लगाकर तत्काल जल निकासी की व्यवस्था करें। उक्त आशय के निर्देश नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने समय सीमा बैठक में सम्बंधित अधिकारियों को दिये।
निगम मुख्यालय के मीटिंग हॉल में आयोजित समय सीमा बैठक में अपर आयुक्त विजय राज, मुनीश सिंह सिकरवार, अपर आयुक्त वित्त रजनी शुक्ला, उपायुक्त अमर सत्य गुप्ता, डॉ. प्रदीप श्रीवास्तव, सुनील चौहान सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहें। बैठक में निगमायुक्त संघ प्रिय ने सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की समीक्षा के दौरान 100 दिन से अधिक की लंबित शिकायतों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि शिकायतों का निराकरण तत्काल करें अन्यथा कार्यवाही के लिए तैयार रहें।
बैठक में संपत्ति कर वसूली की धीमी गति पर नाराजगी व्यक्त करते हुये लक्ष्य के अनुरूप वसूली करने के निर्देश दिये एवं सम्पत्ति कर उपायुक्त को निर्देशित किया की सम्पत्तिकर की नवीन आई.डी. समय सीमा में सत्यापित करें। साथ ही बैठक में पौधा रोपण अभियान की जानकारी ली तथा कम पौधारोपण को लेकर नाराजगी व्यक्त करने हेतु सभी अधिकारियों को निर्देशित किया की योजनाबद्ध तरीके से प्लानिंग कर पौधारोपण करें।
इसके साथ ही समग्र ईकेवायसी, सार्थक अटेन्डेस कर्मचारियों की जानकारी सहित अन्य बिंदुओं पर चर्चा कर सम्बंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश दिये गये। बैठक में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नालों से अतिक्रमण अभियान चलाकर हटाया, जिससे बरसात का पानी आसानी से निकल सके तथा जल भराव की समस्या उत्पन्न न हो। इसके साथ ही सभी क्षेत्र अधिकारियों को निर्देशित किया घर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए आवश्यक कार्यवाही करें।










0 Comments