सीएम डॉ. यादव ने दी बधाई...
मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड को मिला नेशनल अवॉर्ड
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मप्र टूरिज्म बोर्ड को एक विशिष्ट श्रेणी में नेशनल अवॉर्ड मिलने पर बोर्ड की पूरी टीम को बधाई दी है। मुंबई में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया 'एक्स' पर इस प्रतिष्ठित उपलब्धि के लिए हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा चलाया गया 'Responsible Tourism Mission' देश में पर्यटन विकास के क्षेत्र में एक अनुकरणीय पहल है। इस मिशन को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान और सम्मान मिलना, प्रदेश सरकार और प्रदेशवासियों के लिए गर्व की बात है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस उल्लेखनीय सफलता के लिए टूरिज्म बोर्ड की पूरी टीम को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस पुरस्कार से न केवल मध्यप्रदेश की पर्यटन योजनाओं को नई पहचान मिली है, बल्कि यह सम्मान प्रदेश की विविध संस्कृति, समृद्ध विरासत और प्राकृतिक सौंदर्य को जन-जन तक पहुंचाने के प्रयासों को भी मान्यता प्रदान करता है।
बता दें, मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड का "Responsible Tourism Mission" स्थानीय समुदायों की भागीदारी, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास पर आधारित है। यह मिशन न केवल पर्यटकों को आकर्षित कर रहा है, बल्कि पर्यटन के माध्यम से ग्राम विकास, रोजगार सृजन और सांस्कृतिक जागरूकता को भी बढ़ावा दे रहा है। यह राष्ट्रीय सम्मान प्रदेश की नई पर्यटन नीति और विजन का परिचायक है, जिसमें पर्यटन को जन-सरोकारों और रोजगार से जोड़कर सामाजिक और आर्थिक बदलाव का माध्यम बनाया जा रहा है।
0 Comments