'वह दिन दूर नहीं, जब पूरा कश्मीर एक होगा' : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
पाकिस्तान कश्मीर में विकास का पहिया न रोक पाया है और न रोक पाएगा : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
देहरादून। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को पाकिस्तान और आंतकियों को साफ संदेश दिया है। आतंकी और उसे पालने वाला पाकिस्तान चाहे कितनी भी कोशिश कर ले, वो कश्मीर में विकास का पहिया न रोक पाया है और न रोक पाएगा। उन्होंने कहा 1947 में जो खाई बनी थी उस पर विकास का पुल बनेगा।
देवभूमि उत्तराखंड में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हालिया भारत-पाकिस्तान संघर्ष और जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले के बाद स्थिति पर अपने विचार रखते हुए कहा है कि पाकिस्तान के लाख चाहने के बावजूद वह कश्मीर में विकास का पहिया नहीं रोक पाया। हम वहां रेल परियोजनाओं को साकार होते देख रहे हैं। हाल ही में प्रधानमंत्री ने ऐसी एक परियोजना का लोकार्पण किया। जैसे ही यह सपना साकार हुआ है, वैसे ही यह दिन भी दूर नहीं कि जब पूरा कश्मीर एक होगा और आप लोग अपनी आंखों से देखेंगे, मुझे पक्का विश्वास है। अब यह कैसे होगा, इस पर मैं कुछ विचार व्यक्त नहीं होगा।
1947 में कश्मीर में बनी खाई पर विकास का पुल बनेगा:राजनाथ
जो खाई कश्मीर में 1947 के बंटवारे ने बनाई थी, उस पर विकास का पुल बनेगा। पीओके हमारे साथ होगा और कहेगा कि मैं भी तो भारत हूं। आज के दौर में जब भी कोई युद्ध या झड़प होती है, तब युद्ध सिर्फ सिर्फ सैनिक नहीं लड़ते, सिर्फ गोलियों-तोपों से लड़ाई नहीं होती। इंफॉर्मेशन वॉरफेयर भी होता है। हमने पाकिस्तान के कई फर्जी वीडियो देखे। इससे कुछ लोग दिग्भ्रमित भी हुए।
ऑपरेशन सिंदूर के साथ-साथ इंफॉर्मेशन वॉरफेयर भी जारी है: राजनाथ
ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ है, यह स्थगित है। सैन्य कार्रवाई भले ही रोक दी गई हो, इंफॉर्मेशन वॉरफेयर जारी है। हम सोशल सोल्जर बनें, झूठ को पहचानें, अफवाहों को रोकें और जागरूकता फैलाएं। सबसे आगे बने रहने की दौड़ न हो, सबसे सही होने की दौड़ हो। कुछ लोग वेरिफाइड होने की जगह वायरल होने को मानक मान लेते हैं। आपके हाथों में जो स्मार्टफोन है, वह सिर्फ आपका मनोरंजन नहीं करता, वह आपकी जिम्मेदारी भी है।
0 Comments