सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ामों के बीच...
अमेरिकी उपराष्ट्रपति ने पत्नी और बच्चों के साथ किया ताजमहल का दीदार
आगरा। बुधवार को अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने पत्नी और बच्चों के साथ ताजमहल का दीदार किया। करीब डेढ़ घंटे तक वह ताजमहल में घूमे। ताजमहल की खूबसूरती के वह कायल हो गए। उन्होंने विजिटर बुक में लिखा ताजमहल अद्भुत है सच्चे प्यार मानवीय सरलता और भारत की महान संस्कृति के प्रति श्रद्धांजलि का प्रमाण धन्यवाद। वह अपने परिवार के साथ बुधवार सुबह 9.40 बजे आगरा वायुसेना स्टेशन पर एयरफोर्स टू विमान से पहुंचे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनकी अगवानी की। एयरपोर्ट पर मयूर नृत्य सहित अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। एयरपोर्ट से ताजमहल तक के रूट को सजाया गया। रास्ते में उनके स्वागत को स्कूल के बच्चे खड़े रहे। सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम रहे। शिल्पग्राम तक वे कार से पहुंचे। यहां से बैटरी कार से ताजमहल पूर्वी गेट तक पहुंचें। अमेरिकी उपराष्ट्रपति की विजिट में ताजमहल के वाटर चैनल में लगे फव्वारे भी चले।
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने वाटर चैनल की सफाई कराई है। उद्यान में रायल गेट के समीप से सेंट्रल टैंक होते हुए चमेली फर्श के पास तक लगे फव्वारे आमतौर पर बंद रहते हैं। इन्हें वीआइपी विजिट के समय ही चलाया जाता है। उपराष्ट्रपति उनकी पत्नी उषा और बच्चों ने डायना बेंच पर बैठकर फोटो भी खिंचाई। वह अपनी बेटी को गोद में लेकर ताजमहल परिसर में घूमे। उन्होंने विजिटर बुक में यह भी पढ़ा कि डोनाल्ड ट्रंप ने क्या लिखा था।
0 Comments