मध्य प्रदेश में बुजुर्गों पर बढ़ रहा अत्याचार

 प्रदेश बुजुर्गों के प्रति हिंसा में दूसरे नंबर पर...

मध्य प्रदेश में बुजुर्गों पर बढ़ रहा अत्याचार



ग्वालियर। मध्य प्रदेश में बुजुर्गों पर अत्याचार बढ़ रहा है। हत्या, अपहरण, हत्या का प्रयास, गंभीर मारपीट, दुष्कर्म, लूट और जबरन वसूली जैसे गंभीर अपराधों का शिकार प्रदेश के बुजुर्ग हो रहे हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि देश में मध्य प्रदेश अन्य प्रदेशों की तुलना में दूसरे नंबर पर है, जहां बुजुर्गों पर सबसे ज्यादा अपराध हो रहे हैं। बुजुर्गों के प्रति घटित अपराधों में महाराष्ट्र पहले नंबर पर है, इसके बाद मध्य प्रदेश है। देश में तीसरे नंबर पर तेलंगाना राज्य है l 

बुजुर्गों के प्रति घटित अपराधों में महाराष्ट्र पहले नंबर पर है, इसके बाद मध्य प्रदेश है। देश में तीसरे नंबर पर तेलंगाना राज्य है, जहां सबसे ज्यादा बुजुर्ग अपराध का शिकार हुए। यह खुलासा नेशनल क्राइम रिकार्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) की रिपोर्ट में हुआ है। यह रिपोर्ट वर्ष 2021 में जनवरी से दिसंबर के बीच घटित अपराधों के आंकड़ों की है। यह चौंकाने वाली रिपोर्ट बताती है कि प्रदेश में बुजुर्ग असुरक्षित हैं। इससे पहले वर्ष 2020 में जितने अपराध हुए थे, उसकी तुलना में 2021 में करीब 14 प्रतिशत तक बुजुर्गों पर अत्याचार बढ़ा है। क्या कहती है रिपाेर्टः एनसीआरबी की रिपोर्ट कहती है- हत्या, हत्या का प्रयास, अपहरण, लूट, जबरन वसूली, दुष्कर्म जैसे गंभीर अपराध मध्य प्रदेश में काफी हुए हैं। इस तरह के अपराधों में देश के पांच राज्यों में मप्र शामिल भी है, जहां सबसे ज्यादा घटनाएं हुई हैं। बुजुर्गों से ठगी के मामले में देश में छठवें नंबर पर मप्रः वर्ष 2021 में महाराष्ट्र में ठगी की 1153, तेलंगाना में 419, कर्नाटका में 212, तमिलनाडु में 201, आंध्र प्रदेश में 150 और मध्य प्रदेश में बुजुर्गों से ठगी की 124 घटनाओं में एफआइआर दर्ज हुई।

बुजुर्गों पर घटित अपराध के आंकड़े-

प्रदेश- 2019 - 2020 - 2021

महाराष्ट्र- 6163- 4909- 6190

मध्य प्रदेश- 4184- 4602- 5273

तेलंगाना- 1523- 1575- 1952

शर्मनाक: प्रदेश में बुजुर्ग महिलाओं के साथ दुष्कर्म की सबसे ज्यादा घटनाएंः देश में तमिलनाडु ऐसा राज्य है, जहां 2021 में सबसे ज्यादा 191 बुजुर्गों की हत्या की गई, जबकि मध्य प्रदेश में बुजुर्ग महिलाओं के साथ दुष्कर्म की सबसे ज्यादा घटनाएं हुई हैं। एनसीआरबी रिपोर्ट के आंकड़े बताते हैं कि मध्य प्रदेश में 2021 में बुजुर्ग महिलाओं के साथ दुष्कर्म की 15 घटनाएं हुईं, यह देश में सबसे ज्यादा हैं। इसके बाद केरल में 11, महाराष्ट्र में नौ, तमिलनाडु में आठ और छत्तीसगढ़ में छह घटनाएं हुई हैं।

Comments