जिले में पौधरोपण का महाअभियान आज

कलेक्टर ने बैठक लेकर की तैयारियों की समीक्षा…

जिले में पौधरोपण का महाअभियान आज

ग्वालियर। ग्वालियर जिले में भी संभाग के अन्य जिलों के साथ 3 अगस्त को वृक्षारोपण का महाअभियान आयोजित होगा। जिले का मुख्य आयोजन इस दिन प्रात: 9 बजे से यहाँ लाल टिपारा के समीप आयोजित होगा। जिसमें सरकार व समाज की भागीदारी से लगभग 3 हजार पौधे एक साथ रोपकर धरती को हरीतिमा की चादर ओढ़ाई जायेगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी इस अभियान से वर्चुअल रूप से जुड़ेंगे। कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने इस सिलसिले में मंगलवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने के निर्देश दिए। 

कलेक्टर श्री सिंह ने बैठक में जानकारी दी कि लाल टिपारा में आयोजित होने जा रहे जिले के मुख्य कार्यक्रम के साथ-साथ शहर के हर वार्ड व जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में 75 – 75 पौधे रोपने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। संभाग आयुक्त आशीष सक्सेना की पहल पर ग्वालियर जिला सहित संभाग के सभी जिलों में सम्पूर्ण समाज की भागीदारी से यह पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित हो रहा है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित हुई बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित सांघी, नगर निगम आयुक्त किशोर कान्याल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आशीष तिवारी, एडीएम इच्छित गढ़पाले व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिनव चौकसे सहित शहर के अनुविभागीय दण्डाधिकारी तथा अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे। बैठक में “हर घर तिरंगा” अभियान की तैयारियों की समीक्षा भी की गई। कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने कहा कि जन-जन में राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करने एवं राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान प्रकट करने के उद्देश्य से यह अभियान आयोजित हो रहा है। अभियान की सफलता के लिये व्यापक स्तर पर जन जागरूकता गतिविधियाँ चलाएँ। 

सभी शासकीय सेवक भी अपने-अपने घरों में राष्ट्रध्वज अवश्य फहराएँ। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित सांघी ने कहा कि पुलिस बल भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभायेगा। नगर निगम आयुक्त किशोर कान्याल ने बैठक में कहा कि ग्वालियर शहर में हर घर तिरंगा अभियान की सफलता के लिए व्यापक स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आशीष तिवारी ने बैठक में जानकारी दी कि 11 से 17 अगस्त तक अभियान चलाया जायेगा। जिसके अंतर्गत 13 से 15 अगस्त तक हर घर में राष्ट्रध्वज फहराया जायेगा। बैठक में जानकारी दी गई कि ग्वालियर शहर में घर – घर तिरंगा पहुँचाने के लिये वार्डवार टीमें बनाई गई हैं।

Comments