एकात्म मानववाद है भाजपा की सफलता का मूलमंत्र : ज्योतिरादित्य सिंधिया

हमारा सफर आसान नहीं रहा है बल्कि मेहनत और संघर्ष का रहा है…

एकात्म मानववाद है भाजपा की सफलता का मूलमंत्र : ज्योतिरादित्य सिंधिया

ग्वालियर। हम सब एक परिवार के सदस्य हैं। राजनीति अपने स्तर पर अपनी जगह होती है पर सबसे महत्वपूर्ण कदम एक रिश्ता होता है जो कि मानवता के आधार पर एक व्यक्ति और एक व्यक्ति के बीच होता है। आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है लेकिन हमारा सफर आसान नहीं रहा है बल्कि मेहनत और संघर्ष का रहा है। जहां कई लोगों ने अपना जीवन खफा दिया जिसके परिणाम स्वरूप आज हम राज्य में अपना मुख्यमंत्री और केंद्र में अपना प्रधानमंत्री देखते हैं। यह बात केंद्रीय विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज मुखर्जी भवन में दायित्ववान कार्यकर्ताओं से परिचय बैठक के दौरान कही। श्री सिंधिया ने पं. दीनदयाल उपाध्याय के व्यंितव पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने हमारी हमारी पार्टी की नींव रखी। हमारी पार्टी की नींव केवल एक राजनीतिक दल नहीं बल्कि मकसद है। एकात्म मानववाद का वासुदेव कुटुंबकम का अर्थात् सारा विश्व मानवता के आधार पर एक परिवार है। पं. दीनदयाल उपाध्याय ने जो बीज बोये थे वह आज भारतीय जनता पार्टी के वट वृक्ष के रूप में खड़ा हुआ है और जिसकी शाखाओं के आधार पर मा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरी दुनिया को छाया दे रहा है। 

यह है एकात्म मानववाद की सोच और विचारधारा और दूसरी तरफ डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी जो पंडित जवाहरलाल नेहरू की सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप मे स्थापित थे। उन्होंने जब देखा कि किस तरह से देश का बंटवारा किया जा रहा है और जम्मू कश्मीर के साथ अन्याय किया जा रहा है सब कुछ छोड़ कर बंगाल से कश्मीर तक आंदोलन चलाया ताकि देश में एक ही संविधान एक ही विधान रहे। जम्मू कश्मीर भारत का जो ताज है उस ताज के साथ समझौता नहीं होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने उस सपने को साकार किया। 370 को खारिज करके कश्मीर को भारत का एक अभिन्न अंग बना दिया। यह सोच थी हमारे संस्थापकों की। हमारा रास्ता राष्ट्रभक्ति का रास्ता है। हमारा रास्ता देश के 130 नागरिकों को एक माला के रूप में पिरोकर भारत की क्षमता को विश्व पटल पर उजागर करने की है और उसी संकल्प के साथ सूर्य की पहली किरण से हमें एक नई ऊर्जा लेकर रात्रि विश्राम से पहले तक एक कार्यकर्ता के रूप में दिन रात काम करना चाहिए। राजमाता विजयाराजे सिंधिया के व्यतित्व पर प्रकाश डालते हुए श्री सिंधिया ने कहा कि मेरी आई जी अम्मा महाराज जिन्होंने सब कुछ त्याग कर दिया जिन्होंने पहले जनसंघ और बाद में भारतीय जनता पार्टी को देश में स्थापित करने की जो सोच थी मुझे उस पर गर्व है। हमारे परिवार के सदस्य परम पूज्य परम आदरणीय अटल बिहारी वाजपेई जिनके बारे में हम कुछ भी कहे बहुत कम होगा। 

शायद ऐसा इंसान भारत में दोबारा मिलना मुश्किल होगा। साफ दिल, साफ मन और साफ मस्तिष्क सभी को एक साथ लेकर चलने की कशिश यह हमारी अटल बिहारी वाजपेई की सोच थी। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना यह उनकी सोच थी जिसके फलस्वरूप आज गांव और शहरों के बीच आवागमन बहुत ही सुलभ हो गया है। यह हमारी पार्टी के नवरत्न हैं आज हमारी पार्टी के प्रधानमंत्री भारत का   परचम विश्व पटल पर फैला रहे हैं। मुझे गर्व है कि मैं उनके साथ काम कर रहा हूं जिस संकल्प के साथ उन्होंने भ्रष्टाचार परिवारवाद पर प्रहार किया वह अनुकरणीय है वह केवल संकल्प ही नहीं लेते बल्कि संकल्प को पूरा करके ही रहते हैंं। जैसे अंत्योदय का संकल्प पूरा करके दिखाया। एक-एक गांव में प्रत्येक घर में टोटी के माध्यम से जल को पहुंचाने का संकल्प पूरा करके दिखाया। हमारी जिम्मेदारी अपने आदर्शों के पदचिन्हों पर चलने की है। मैं दिल के रिश्ते के लिए आपके बीच आया हूं सबसे महत्वपूर्ण हमारा जमीनी कार्यकर्ता है जिसके परिश्रम के आधार पर हमारी पार्टी इस मुकाम पर पहुंची है। मैं आपसे रिश्ता प्रगाड़ करने आया हूं निकाय चुनाव के बाद ही एक-एक पोलिंग के कार्यकर्ताओं की बैठक में पहुंचूंगा। हमारा संकल्प होना चाहिए कि हम एक-एक गढ़  अर्थात एक-एक  बूथ को मजबूत करें। हमारे लिए दो झंडे है जिसमें एक तिरंगा और दूसरा बीजेपी का है जिसको गाड़ के रखना है। इस अवसर पर मंच पर पूर्व मंत्री माया सिंह, जय सिंह कुशवाहा, मुन्नालाल गोयल, अभय चैधरी, जीतू जिराती, इमरती देवी उपस्थित रहे। 

कार्यक्रम में सांसद विवेक शेजवलकर ने संबोधित करते हुए कहा कि हमें चुनाव को एक अवसर और चुनौती के रूप में लेना चाहिए। पार्टी कोई भी उम्मीदवार तय करें हमारा दायित्व है कि हम उसके तन-मन के साथ लग जाएं। मेरा आप सभी दायित्ववान कार्यकर्ताओं से निवेदन है किवह किसी की सिफारिश न करें बल्कि एडजेस्टमेंट करें। केंद्र तथा राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं। स्वागत भाषण जिलाध्यक्ष कमल माखीजानी ने देते हुए कहा कि हम सब ग्वालियर के विकास के लिए कृत संकल्पित है। लोकतंत्र में चुनाव एक उत्सव के रूप में होता है। हम 365 दिन मेहनत करें मगर चुनाव में मात खा जाएं तो उस मेहनत का कोई फल नहीं निकलता है। हमें नगर निगम चुनाव को एक चुनौती के रूप में लेना होगा हम सब का प्रयास यह होना चाहिए कि हम पर्यवेक्षकों का सहयोग करें ताकि वह अच्छे से अच्छे प्रत्याशी का चयन कर सकें जो जीत कर आ सकें। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री राजू सेंगर ने और आभार जिला महामंत्री विनोद शर्मा ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, जिला पदाधिकारी, मंडल और मोर्चा के अध्यक्ष और महामंत्री उपस्थित रहे।

Comments