सरसों बेचकर लौट रहे युवकों को बदमाशों ने लाठियों से पीटा

 एक की हत्या कर डेढ़ लाख लूटे…

सरसों बेचकर लौट रहे युवकों को बदमाशों ने लाठियों से पीटा


भिंड। ग्वालियर की मुरार मंडी से सरसों की फसल बेचकर घर लौट रहे ट्रैक्टर सवार दो युवकों को तीन बाइक से आए बदमाशों ने रोक लिया। बदमाशों ने दोनों के साथ लाठियों से जमकर मारपीट की। पिटाई से एक युवक की मौत हो गई। दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल है। घायल के पास से आरोपित डेढ़ लाख रुपये नकद लूट ले गए। पुलिस ने छह नामजद सहित नौ आरोपितों पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है। मृतक और घायल मुरैना जिले के मानपुर गांव के रहने वाले हैं। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

मुरैना जिले के सिहौनिया थाना क्षेत्र में मानपुर गांव निवासी रामसेवक सिंह सोमवार को ट्रैक्टर-ट्राली में सरसों भरकर बेचने के लिए मुरार मंडी गए थे। रामसेवक अपने साथ में गांव के ही 22 वर्षीय विकास पुत्र रामनरेश सिंह को ले गए थे। मुरार मंडी में उन्होंने करीब डेढ़ लाख रुपये की सरसों बेची। शाम को व्यापारी से डेढ़ लाख रुपये लेकर रामसेवक और विकास ट्रैक्टर-ट्राली से वापस गांव लौट रहे थे। एंडोरी थाना क्षेत्र के बुद्ध सिंह पुरा सूनी रोड पर शाम करीब साढ़े सात बजे तीन बाइक से आए आरोपित रामवीर, केशव, जयवीर, रंजीत, गजराज सिंह, नरेन्द्र सिंह निवासी बमरौली थाना रिठौरा और तीन अज्ञात आरोपितों ने ट्रैक्टर रुकवा लिया। 

ट्रैक्टर रुकते ही आरोपितों ने रामसेवक और विकास पर लाठियों से हमला कर दिया। दोनों की जमकर पिटाई गई। विकास के निजी अंग में लाठी लगने से उनकी मौत हो गई, जबकि रामसेवक गंभीर रूप से घायल हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित रामसेवक के पास से डेढ़ लाख रुपए नकद और ट्रैक्टर-ट्राली लूटकर भागने लगे। मृतक के रिश्तेदार 26 वर्षीय सतीश पुत्र मेहताब सिंह कंषाना निवासी मानपुर वारदात के दौरान दूसरी ओर से आ रहे थे। उन्होंने आरोपितों को भागते देखा। खेत में देखा तो रामनरेश का शव पड़ा था। रामसेवक घायल थे। पुलिस ने सतीश की रिपोर्ट पर ही आरोपितों पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है। 

आरोपित वारदात के बाद ट्रैक्टर-ट्राली लेकर भागे थे। काफी दूर तक ट्रैक्टर-ट्राली गेहूं के खेत में चलाई गई। वारदात स्थल से करीब 200 मीटर दूर नाला आ गया। सामने नाला होने से आरोपित ट्रैक्टर-ट्राली ले जा नहीं पाए। इससे ट्रैक्टर-ट्राली मौके पर ही छोड़कर भाग निकले। पुलिस की पड़ताल में आया है कि आरोपित ग्वालियर से ही रामसेवक और विकास का पीछा कर रहे थे। ग्वालियर से एंडोरी तक नेशनल हाइवे होने से आरोपितों को मौका नही मिला, लेकिन बुद्व सिंह पुरा गांव के पास सड़क सुनसान थी तो आरोपितों ने वारदात को अंजाम दिया।

आरोपितों पर लूट और हत्या, हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया है। आरोपितों की तलाश में हमारी टीम लगातार दबिश दे रही है, जल्द ही आरोपितों को पकड़ लिया जाएगा - नागेश शर्मा, एसओ, थाना एंडोरी


Comments