रूस ने बाइडेन-हिलेरी क्लिंटन समेत 13 अमेरिकी नेताओं पर लगाया बैन

यूक्रेन में अमेरिकी फोटो जर्नलिस्ट की मौत…

रूस ने बाइडेन-हिलेरी क्लिंटन समेत 13 अमेरिकी नेताओं पर लगाया बैन

रूस और यूक्रेन के बीच जंग जारी है। इस बीच रूस ने अमेरिकी प्रतिबंधों का जवाब देते हुए राष्ट्रपति जो बाइडेन, विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन, अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन और पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन समेत कई अमेरिकी नेताओं और अधिकारियों पर बैन लगा दिया है। साथ ही रूस ने कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो पर भी प्रतिबंध लगाया है। अमेरिका पहले ही रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव समेत अन्य अधिकारियों पर प्रतिबंध लगा चुका है। यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद अमेरिका, ब्रिटेन और कनाडा समेत कई देशों ने रूस पर प्रतिबंध लगाए हैं। साथ ही कई दिग्गज कंपनियों ने भी रूस में कारोबार बंद करने का फैसला लिया है। 

ब्रिटेन सरकार ने मंगलवार को ही रूस को ‘हाई-एंड’ लक्जरी सामान के निर्यात पर प्रतिबंध लगाने के साथ वोदका जैसे प्रमुख रूसी उत्पादों पर नया आयात शुल्क लगाने की घोषणा की है। ब्रिटेन ने रूस और बेलारूस के 370 व्यक्तियों को भी प्रतिबंधित कर दिया है। ब्रिटेन सरकार के अनुसार, प्रतिबंधित 370 लोगों की अतिरिक्त सूची में पुतिन के सहयोगी, सरकार के प्रवक्ता और प्रधानमंत्री मिखाइल मिशुस्टिन, रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु और रूस के पूर्व राष्ट्रपति दमित्री मेदवेदेव शामिल हैं। यूक्रेन का कहना है कि 20 दिनों से जारी रूसी हमले में 97 बच्चों की मौत हुई है। रूस लगातार रिहाइशी इलाकों को निशाना बना रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, रूसी सैनिक अब भी कीव के केंद्र से लगभग 15 किलोमीटर दूर हैं। अधिकारी ने कहा कि रूसी सेना ने 900 से अधिक मिसाइलें दागी हैं, लेकिन यूक्रेन के हवाई क्षेत्र में इन मिसाइलों का माकूल जवाब दिया जा रहा है। राजधानी कीव के बाहरी क्षेत्र में रूस की बमबारी जारी है। 

ताजा अपडेट्स -

  • अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा- रूस के खिलाफ यूक्रेन को हथियार उपलब्ध कराएंगे। यूक्रेन के शरणार्थियों को अमेरिका में अनुमति देंगे। पैसा, भोजन और अन्य मानवीय सहायता भी भेजेंगे।
  • यूक्रेन के राष्ट्रपति वोल्दोमिर जेलेंस्की ने मंगलवार को कनाडा की संसद को संबोधित किया। इस दौरान बताया कि रूस के हमलों में अब तक यूक्रेन के 97 बच्चों की मौत हो चुकी है।
  • मंगलवार को चेक रिपब्लिक और स्लोवेनिया के प्रधानमंत्री यूक्रेन के राष्ट्रपति से मिलने के लिए कीव पहुंचे।
  • सोमवार को रूस समर्थित विद्रोहियों के कब्जे वाले डोनेट्स्क शहर में बैलेस्टिक मिसाइल हमले में 20 आम लोगों की मौत हो गई, जबकि 35 अन्य घायल हो गए। रूस ने इस हमले का आरोप यूक्रेनी सेना पर लगाया है।
  • यूक्रेन के साथ शांति वार्ता चलने के बावजूद रूस लगातार यूक्रेनी शहरों में नागरिक इलाकों पर बमबारी कर रहा है। इस बीच रूसी सेना ने बड़ा दावा किया है कि खेर्सोन इलाका पूरी तरह से उसके नियंत्रण में आ चुका है।
  • लंदन के बेलग्रेव स्क्वॉयर में यूक्रेन समर्थकों ने पुतिन के करीबी रूसी बिजनेसमैन ओलेग डेरीपास्का का घर कब्जा लिया। कब्जा करने वालों ने घर पर बोर्ड लगाया, जिस पर लिखा था, तुमने यूक्रेन कब्जाया, हमने तुम्हें कब्जा लिया।
  • यूक्रेन की उप प्रधानमंत्री इरिना वेरेशुक ने एक वीडियो बयान जारी किया है। इसमें उन्होंने जंग के बावजूद 9 मानवीय कॉरिडोर बनाकर 5,500 से ज्यादा यूक्रेनी नागरिकों को जंगी इलाकों से बाहर निकालने का दावा किया है।
  • यूरोपियन यूनियन के सूत्रों के हवाले से रॉयटर्स ने दावा किया है कि रूसी तेल कंपनियों रोसनेफ्ट, ट्रांसनेफ्ट और गाजप्रोम नेफ्ट के खिलाफ नए प्रतिबंध लगाए गए हैं, लेकिन EU से जुड़े देश प्रतिबंध के बावजूद इनसे तेल खरीदते रहेंगे।
  • यूरोपियन देशों की तरफ से प्रतिबंधित किए गए रूसी बिजनेस टायकून व चेल्सी फुटबॉल क्लब के मालिक रोमन अब्रामोविच सोमवार को इजराइल की राजधानी तेल अबीब के बेन गुरियन एयरपोर्ट पर दिखाई दिए। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के करीबी अब्रामोविच वहां से एक निजी जेट के जरिए इस्तांबुल रवाना हुए हैं।
  • अमेरिकी रक्षा मंत्रालय पेंटागन ने दावा किया है कि रूस की तरफ से यूक्रेन में मिलिट्री बेस को निशाना बनाने के बावजूद वे हथियारों की सप्लाई करते रहेंगे। रूस ने हमले के बाद दावा किया था कि वह अमेरिका से मिलने वाले हथियारों को निशाना बनाएगा।

Comments