पंजाब की 117 सीटों और उत्तर प्रदेश के तीसरे चरण की 59 सीटों और पर मतदान आज

पंजाब में मतदान शुरू, यूपी में भी चल रही वोटिंग

पंजाब की 117 सीटों और उत्तर प्रदेश के तीसरे चरण की 59 सीटों और पर मतदान आज

पंजाब विधानसभा की सभी 117 सीटों और उत्तर प्रदेश के तीसरे चरण की 59 सीटों और पर आज 20 फरवरी को मतदान हो रहा है। पंजाब की 117 सीटों पर हो रहे चुनाव में 93 महिलाओं सहित कुल एक हजार 304 उम्‍मीदवार मैदान में है। साहनेवाल और पटियाला ग्रामीण सीट से सबसे अधिक 19-19 उम्‍मीदवार अपना भाग्‍य आजमा रहे हैं। दीनानगर विधानसभा क्षेत्र से सबसे कम पांच उम्‍मीदवार मैदान में है। मुख्‍यमंत्री चरण जीत सिंह चन्‍नी दो सीटों से चुनाव लड़ रहे हैं। वोटिंग का समय उत्तर प्रदेश में सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक और पंजाब में सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक रखा गया है।

पंजाब के मुख्‍य चुनाव अधिकारी डॉ. एस. करूणा राजू ने बताया कि मतदान के लिए 24 हजार 740 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। 51 अतिरिक्‍त मतदान केंद्र भी बनाए गए हैं। उन्‍होंने कहा कि संवेदनशील मतदान केंद्रों पर केंद्रीय सशस्‍त्र पुलिस बलों सहित पर्याप्‍त संख्‍या में सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए है। निर्वाचन आयोग ने केंद्रीय सशस्‍त्र पुलिस बल की सात सौ कंपनियां उपलब्‍ध कराई हैं। इस चुनाव में  18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के तीन लाख 48 हजार 836 मतदाता पहली बार वोट डालेंगे।

वहीं आज उत्‍तर प्रदेश में तीसरे चरण में 16 जिलों के 59 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान कराया जाएगा। इनमें 15 सीटें सुरक्षित हैं। इस चरण में 97 महिलाओं सहित कुल 627 उम्‍मीदवार मैदान में है। एटा, महरौनी और महोबा सीटों पर सबसे अधिक 15-15 उम्‍मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। करहल सीट पर मात्र तीन प्रत्‍याशी ही चुनाव मैदान में है। करहल में सपा के सीएम पद के प्रत्याशी अखिलेश यादव की किस्मत दांव पर है। मतदान के लिए कुल 25 हजार 4 सौ 94 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। वोटिंग का समय उत्‍तर प्रदेश में सुबह 7 बजे से  शाम 6 बजे तक और पंजाब में सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक रखा गया है।

जाति-धर्म से ऊपर उठकर मतदान करें: मनीष तिवारी
कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने कहा है कि मैंने अपने हल्के श्री आनंदपुर साहिब में वोट डाला है। मैं पंजाब के सारे मतदाताओं से अपील करता हूं कि पंजाब के सामने जो चुनौतियां हैं, नौजवानों और किसानों के सामने जो चुनौतियां हैं, जाति-धर्म से ऊपर उठकर मतदान करें।

अखिलेश के लिए अपनी सीट बचाना मुश्किल: सतीश महाना
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री सतीश महाना ने कानपुर में मतदान किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि इस बार सबसे आसान चुनाव है। समाजवादी पार्टी को अपनी सीट पर मुश्किलें हो रहीं हैं। अखिलेश यादव को समर्थन के लिए अपने पिताजी को बुलाना पड़ा। उनकी खुद की सीट फंसी हुई है वह पहले अपनी सीट बचाएं।

पंजाब के मंत्री परगट सिंह ने किया मतदान
पंजाब: राज्य सरकार में खेल, शिक्षा और एनआरआई मामलों के मंत्री व पूर्व हॉकी कप्तान परगट सिंह ने जालंधर के मीठापुर में एक मतदान केंद्र में मतदान किया। उन्होंने कहा, “हर नागरिक को मतदान करना चाहिए इसकी वजह से लोकतंत्र को शक्ति मिलती है।”
कांग्रेस प्रत्याशी मालविका ने कहा-मैंने और भाई सोनू सूद ने लोगों के लिए बहुत काम किया
 

मतदान से पहले मोहाली में बोले चन्नी-पंजाब में मेरी नहीं, पार्टी की लीडरशिप
मोहाली में आज मतदान से पहले पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि पंजाब में मेरी नहीं पार्टी की लीडरशिप है। हमने हमने अपनी ओर से ज्यादा से ज्यादा काम करने की कोशिश की है। आगे परमात्मा की मर्जी है।मतदान से पहले उन्होंने कटलगढ़ साहिब गुरुद्वारे में मत्था टेका।

पंजाब: बीजेपी ने चुनाव आयुक्त की आप व कांग्रेस कार्यकर्ताओं की शिकायत
भाजपा की पंजाब इकाई ने पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी से शिकायत की है और आप व कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। बीजेपी ने आरोप लगाया कि आप व कांग्रेस के कार्यकर्ता पंजाब से संबंधित नहीं हैं, लेकिन प्रचार खत्म होने के बाद भी राज्य में रह रहे हैं।

भाई मुलायम सिंह से मिले शिवपाल
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के नेता शिवपाल सिंह यादव आज मतदान शुरू होने से पहले सुबह—सुबह अपने बड़े भाई और सपा के संयोजक मुलायम सिंह यादव से मिले। इटावा स्थित आवास में वे मुलायम सिंह से मिलने पहुंचे। शिवपाल सिंह यूपी की जसवंत नगर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं, जहां आज मतदान हो रहा है।

प्रियंका ने कांग्रेस को मजबूती दी, हमें बहुमत मिलेगा: सलमान खुर्शीद
कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने आज सुबह मतदान किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि हमें उत्तर प्रदेश में पहले काफी दिक़्क़तें हुईं हैं लेकिन हमारी नेता प्रियंका गांधी ने कांग्रेस को मजबूती दी है और हमें जनता से अच्छा बहुमत मिलेगा। कांग्रेस उत्तर प्रदेश में यहां की राजनीति के परिदृश्य में अपना नाम दर्ज कराने आई है।

एसपी सिंह बघेल को बीजेपी ने बनाया बलि का बकरा: रामपाल यादव
सपा नेता राम गोपाल यादव ने कहा है कि तीसरे चरण के कुछ ज़िलों में भाजपा कोई सीट नहीं जीत पा रही है। करहल से इनको कोई उम्मीदवार नहीं मिल पा रहा था इसलिए आखिरी समय में बली का बकरा बनाने एसपी सिंह बघेल को भेजा गया है। इस बार ऐसा लग रहा है कि लोग सिर्फ अखिलेश यादव का चेहरा देखकर वोट दे रहे हैं।



Comments