कांग्रेस में शामिल हुए गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के नेता

सरकार को खोल देना चाहिए भ्रष्टाचार विभाग : कांग्रेस

कांग्रेस में शामिल हुए गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के नेता

भोपाल। मध्य प्रदेश में आदिवासियों पर सर्वाधिक अत्याचार हो रहे हैं। भाजपा सरकार ने आदिवासियों के हित में कोई काम नहीं किया। यह बात प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में बुधवार को गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में कही। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश आज आदिवासियों पर अत्याचार, किसानों की आत्महत्या और महिला अपराध में नंबर एक पर है। 

यह आंकडे केंद्र सरकार के हैं। राज्य में नौजवानों का भविष्य खतरे में है। भाजपा आरक्षण समाप्त करना चाहती है। इस दौरान गोंडवाना गणतंत्र पार्टी से कांग्रेस में शामिल हुए राजाराम कुलझरिया सहित अन्य ने कहा कि भाजपा सरकार में न तो पटवारी काम कर रहे हैं और न ही सरपंच। हमें आपस में लड़ाने का काम किया जा रहा है। उधर, प्रदेश किसान कांग्रेस के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने कहा कि भाजपा सरकार किसान विरोधी है। 

तीनों कृषि कानून तब वापस लिए गए, जब सात सौ से ज्यादा किसानों की मौत हो गई। जब तक किसानों को समर्थन मूल्य नहीं मिलेगा किसान समृद्धशाली नहीं बनेंगे। प्याज के बीज खरीदने में अनियमितता की जांच को आगे बढ़ाने को लेकर उद्यानिकी विभाग की प्रमुख सचिव कल्पना श्रीवास्तव को हटाए जाने पर पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने विधानसभा में कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार एक व्यवस्था बन गया है। जो अधिकारी सही बात करता है या भ्रष्टाचार की जांच को आगे बढ़ाता है, उसे कल्पना श्रीवास्तव की तरह हटा दिया जाता है। 

इस सरकार को तो भ्रष्टाचार विभाग खोल देना चाहिए। कमल नाथ के इस तंज पर ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने पलटवार करते हुए कहा कि कमल नाथ को पहले अपने कार्यकाल में हुए भ्रष्टाचार का जवाब देना चाहिए। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कई माध्यमों से भ्रष्टाचार की बात सामने आती हैं। तबादलों की बात हो या फिर अन्य कामों की यह बात किसी से छुपी नहीं है। हम तो यह बात प्रारंभ से कहते हैं।

Comments