शहर के tourism को promote करने निगम तैयार करेगा पर्यटक मित्र : निगमायुक्त

पर्यटको को ग्वालियर की ऐतिहासिक एवं हेरिटेज विरासत की पूर्ण एवं विस्तृत जानकारी देने…

शहर के पर्यटन को प्रमोट करने निगम तैयार करेगा पर्यटक मित्र : निगमायुक्त

ग्वालियर। ग्वालियर शहर के पर्यटन को देश-विदेश में प्रमोट करने के लिए शहर में आने वाले पर्यटको को ग्वालियर शहर की ऐतिहासिक एवं हेरिटेज विरासत की पूर्ण एवं विस्तृत जानकारी प्रदान करने के लिए नगर निगम ग्वालियर प्रथम चरण में 100 युवाओं को सिटी गाइड/पर्यटक मित्र के रूप में तैयार करेगा। इसके लिए निगम द्वारा पर्यटन के क्षेत्र में कार्य करने के इच्छुक युवाओं को भारतीय पर्यटन संस्थान से प्रशीक्षण दिलाया जाएगा। इस संबंध में नगर निगम आयुक्त किशोर कन्याल ने आज भारतीय पर्यटन संस्थान के अधिकारियों से चर्चा कर शहर के पर्यटन विकास को प्रमोट करने के लिए सुझाव भी लिए। 

बालभवन में आयोजित बैठक में निगमायुक्त श्री कन्याल ने कहा कि ग्वालियर शहर के पर्यटन को देश विदेश में प्रमोट करने के लिए हम सभी को मिलकर कार्य करने की आवशयकता है। इसके लिए नगर निगम ग्वालियर द्वारा पर्यटन क्षेत्र में उत्साहित युवाओं को तैयार किया जाएगा। जिससे शहर के युवाओं को रोजगार भी मिलेगा और ग्वालियर शहर टूरिज्म सिटी के रूप में विकसित भी होगा। बैठक के दौरान भारतीय पर्यटन संस्थान की ओर से डॉ. चन्द्र शेखर बरूआ एवं अमित तिवारी ने अपने सुझाव दिए। डॉ. बरूआ ने कहा कि एयरपोर्ट से शहर में आने वाले पर्यटकों को शहर के बारे मंे जानकारी देने के लिए ग्वालियर शहर की ऐतिहासिक एवं हेरिटेज विरासत को फोटो के माध्यम से होर्डिंग लगा सकते हैं। 

इसके साथ ही विभिन्न ऐतिहासिक स्थलों पर पहुंचने के लिए शायनेज भी लगा सकते हैं तथा ग्वालियर फोर्ट पर फैसिलिटेशन सेंटर भी होना चाहिए। उन्होेंने कहा कि ग्वालियर शहर की ऐतिहासिक एवं हेरिटेज विरासत को देश एवं विदेश मंे प्रमोट करने के लिए देश के बडे टूर ऑपरेटर एसोशिएशन से सम्पर्क कर उनके प्रतिनिधि मंडल को ग्वालियर का भ्रमण करायें तथा उन्हें ग्वालियर की विरासत के बारे में बतायें तभी वह जब पर्यटकों का टूर प्लान करते हैं तो उसमें ग्वालियर को भी जोड सकेगें। बैठक में अन्य सुझाव भी दिए गए जिसको लेकर निगमायुक्त श्री कन्याल ने आगामी कार्यवाही करने का आशवासन दिया गया।

Comments