CM शिवराज ने सिंगल क्लिक से हितग्राहियों के खाते में अंतरित की राहत राशि

बाढ़ प्रभावितों को अब तक रू. 109.89 करोड़ की राशि वितरित…

CM शिवराज ने सिंगल क्लिक से हितग्राहियों के खाते में अंतरित की राहत राशि

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि ग्वालियर और चंबल संभाग के जिलों और विदिशा जिले में बाढ़ प्रभावितों को सर्वोच्च प्राथमिकता से राहत राशि और अन्य सहायता प्रदान की गई है। संबंधित कलेक्टर्स सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र हितग्राही सहायता प्राप्त करने से वंचित न हों। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज वीडियो काँफ्रेंस द्वारा 9 जिलों के 24 हजार 529 हितग्राहियों को 31 करोड़ 51 लाख रूपये की राहत राशि का अंतरण कर रहे थे। प्रदेश में अब तक एक लाख 27 हजार बाढ़ प्रभावित नागरिकों को 109 करोड़ 89 लाख रूपये की राहत राशि वितरित की जा चुकी है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में गत दो माह संकट के रहे हैं। एक तरफ बाढ़ की स्थिति थी, वहीं दूसरी तरफ करीब डेढ़ दर्जन जिले कम बारिश से प्रभावित हुए हैं। कोरोना का संकट भी रहा। 

हम नागरिकों और सरकार के लिए परीक्षा की घड़ी थी। सरकार ने प्रयास किया कि हर परिस्थिति में जनता को संकट से निकालें। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि विशेष योजना बनाकर बाढ़ प्रभावितों को विभिन्न तरह की क्षति के लिए राशि प्रदान करने का कार्य किया गया है। लोगों को हुए नुकसान से जिंदगी की गाड़ी पटरी से न उतरे, इसके लिए पूरी तत्परता और पारदर्शिता से राहत राशि प्रदान की गई है। पंचायत भवन पर हितग्राही सूची चस्पां कर सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने से किसी भी तरह की अनियमितता नहीं हो सकी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि राशि प्रदान करने के पूर्व हितग्राहियों के संबंध में दावे-आपत्ति का विकल्प भी दिया गया। कृषि फसलों की हानि के लिए अलग से राजस्व पुस्तक परिपत्र के अंतर्गत कार्यवाही हो रही है। 

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि राशि वितरण में किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार न हो, इसके लिए जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। विद्युत उप केन्द्रों और सड़कों आदि की बाढ़ से हुई क्षति के पश्चात पुनर्निर्माण के कार्यों को भी समय पर करना आवश्यक है। इसके लिए सभी कलेक्टर, जन-प्रतिनिधि, क्राइसिस मैनेजमेंट समूह के सदस्यों से परामर्श कर पूर्ण करें। नहरों की मरम्मत का कार्य भी युद्ध स्तर पर किया जाए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि बाढ़ प्रभावित जिलों में कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीनेशन का कार्य कुछ कम हुआ है। अब इस कार्य को तेज करना आवश्यक है। आगामी 17 सितम्बर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म-दिवस पर वैक्सीनेशन महाअभियान संचालित होगा। इसमें ग्वालियर और चंबल संभाग में वैक्सीनेशन कार्य की गति बढ़ाने की आवश्यकता है। 

प्रयास यह है कि इस माह के अंत तक प्रदेश के सभी पात्र लोगों को वैक्सीन का प्रथम डोज़ अनिवार्य रूप से लग जाए। कोरोना की तीसरी लहर की आशंका को जन-सहयोग और सावधानी से समाप्त करना होगा। पूर्व में प्रदेश के एक लाख 2 हजार बाढ़ प्रभावितों को 78 करोड़ 38 लाख रूपये की राहत राशि दी गई थी। नगरीय क्षेत्रों में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 23 निकायों के 975 हितग्राहियों को 9 करोड़ 75 लाख रूपए की प्रथम किश्त की राशि। राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के अंतर्गत क्षतिग्रस्त मकानों के पुनर्निर्माण के लिए 592 बाढ़ प्रभावितों को 5 करोड़ 63 लाख रूपए की राशि। राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के अंतर्गत जनहानि/पशुहानि/फसल क्षति में 23 हजार 554 बाढ़ प्रभावितों को 16 करोड़ 13 लाख करोड़ रूपए की राशि। 

Comments