सुमावली विधायक व उनके रिश्तेदारों पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज

फरियादी आधा सैकड़ा लोगों के साथ आत्महत्या करने पहुंचा…

सुमावली विधायक व उनके रिश्तेदारों पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज

ग्वालियर। कांग्रेस विधायक अजब सिंह कुशवाह व उनके चार अन्य रिश्तेदारों के खिलाफ महाराजपुरा थाना पुलिस ने शनिवार की रात को धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। यह प्रकरण प्राेपर्टी ब्राेकर सीताराम शर्मा की शिकायत पर दर्ज हुआ है। फरियादी ने चार दिन पूर्व अधिकारियों को पत्र लिखकर विधायक के निवास पर 5 सितंबर को आत्मदाह करने की चेतावनी दी थी। ब्रोकर का आरोप है कि विधायक व उनके रिश्तेदारों ने विक्रमपुर में प्लाट काटे थे। उसने कई प्लाट बिकवाए थे। इन लोगों ने पैसा लेकर रजिस्ट्री तो कर दी, अब जमीन पर कब्जा नहीं दे रहे हैं। 

प्लाट खरीदने वालों ने उसका जीना मुश्किल कर दिया था। विधायक के खिलाफ प्रकरण दर्ज होने के बाद भी फरियादी रविवार की दोपहर को आधा सैकड़ा लोगों के साथ काल्पी ब्रिज स्थित निवास पर आत्महत्या करने के लिए पहुंच गया। वायुनगर निवासी सीताराम पुत्र श्रीलाल शर्मा प्राेपर्टी ब्रोकर का कार्य करते हैं। सीताराम मुरैना जिले के सुमावली विधायक अजब सिंह कुशवाह से 11 साल से संपर्क में हैं। फरियादी ने शिकायत की थी कि वर्ष 2010 में अजब सिंह कुशवाह ने विक्रमपुर में कालोनी काटी थी। प्लाट को बिकवाने का काम उसने किया था। 

सीताराम ने बताया कि 42 हजार वर्ग फीट जमीन का सौदा उसने अलग-अलग लोगों को पौने दो करोड़ में कराया था। रजिस्ट्री करने के बाद आरोपितों ने बेचे गए प्लाटों का कब्जा नहीं दिया। उसके माध्यम से प्लाट खरीदने वाले लोग अब उसका जीना मुश्किल किए हैं। विधायक व उनके रिश्तेदार न तो जमीन दे रहे हैं और न ही पैसा वापस लौटा रहे हैं। पुलिस भी कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। रात में प्रकरण दर्ज कियाः फरियादी ने विधायक निवास पर आत्महत्या की चेतावनी देने के बाद रविवार की रात को विधायक अजब सिंह कुशवाह सत्येंद्र, प्रमोद, अनिल तोमर व रंजीत के खिलाफ भादवि की धारा 420 व 120 बी के तहत प्रकरण दर्ज किया है। 

फरियादी आत्महत्या करने विधायक निवास पर पहुंचाः प्रकरण दर्ज होने के बाद भी सीताराम रविवार की दोपहर को विधायक अजब सिंह के काल्पी ब्रिज स्थित निवास पर आत्महत्या करने के लिए कई लोगों के साथ पहुंच गया। सीताराम के हाथ में पेट्रोल की बोतल थी। सीएसपी रत्नेश तोमर ने इन लोगों को विधायक निवास से पहले ही रोक लिया। फरियादी को बताया कि प्रकरण दर्ज कर लिया है, कार्रवाई की जा रही है। इन लोगों को गोला का मंदिर थाने ले जाकर महाराजपुरा थाने से विवेचक बुलाकर बयान दर्ज कराए गए। पुलिस अधिकारियों ने आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई करने का दो दिन का समय मांगा है। सीताराम ने चेतावनी दी है कि अगर दो दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो फिर वह आत्महत्या कर लेगा।

Comments