अफगानिस्तान से सैनिकों की वापसी America के लिए सबसे सही फैसला : बायडेन

अफगानिस्तान से 1.25 लाख लोगों को बाहर निकाला...

अफगानिस्तान से सैनिकों की वापसी अमेरिका के लिए सबसे सही फैसला : बायडेन

वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा कि 20 साल से चल रहे युद्ध को खत्म करने के लिए अफगानिस्तान से सैनिकों की वापसी अमेरिका के लिए सबसे अच्छा और सही फैसला है।  उन्होंने कहा कि इस युद्ध को अब आगे और जारी रखने की कोई वजह नहीं रह गई थी और यह अमेरिकी लोगों के हित में भी नहीं था। उन्होंने राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में ये बातें कही। राष्ट्रपति बायडेन ने कहा कि यह अमेरिकी के लिए सबसे सही और बुद्धिमता पूर्ण लिया गया फैसला है। बायडेन ने कहा कि जब मैं राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव लड़ रहा था, तो मैंने अमेरिकी लोगों से यह वादा किया था कि मैं इस युद्ध को समाप्त कर दूंगा। 

और आज, मैंने उस प्रतिबद्धता का सम्मान किया है। उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान में अमेरिका का मिशन कामयाब रहा। बायडेन ने कहा कि अमेरिकी ने जो काम किया वह कोई नहीं कर सकता था। हमने अफगानिस्तान में 20 वर्षों तक शांति बनाए रखी। बायडेन ने दावा किया कि उन्होंने अफगानिस्तान से 1.25 लाख लोगों को बाहर निकाला। बायडेन ने कहा कि हम अफगान गठबंधन के साथ मिलकर काम करना चाहेंगे लेकिन अब तालिबान के पास सत्ता है। बायडेन ने कहा कि अफगानिस्तान की जमीन का इस्तेमाल आतंकी हमारे या किसी और देश के खिलाफ न करें इसे सुनिश्चित किया जाना चाहिए। हम दुनिया को सुरक्षित रखना चाहते हैं। आपको बता दें कि इससे पहले 30 अगस्त को अफगानिस्तान से अमेरिकी सैनिकों का आखिरी जत्था काबुल एयरपोर्ट से अमेरिका के लिए रवाना हुआ था।

 अमेरिकी सैनिकों की वापसी के बाद तालिबान ने काबुल के अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे को पूरी तरह अपने नियंत्रण में ले लिया। अमेरिकी सैनिकों को ले जाने वाला आखिरी विमान निर्धारित समय से एक दिन पहले सोमवार मध्य रात्रि को अफगानिस्तान से रवाना हुआ। सी17 विमान काबुल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से सैनिकों के अंतिम समूह को लेकर रवाना होते ही अफगानिस्तान में अमेरिकी सैन्य अभियान का समापन हो गया। अमेरिकी सेना के अफगानिस्तान में अपनी सैन्य मौजूदगी पूरी तरह खत्म करने के बाद तालिबान लड़ाकों ने जीत का जश्न मनाने के लिए काबुल में हवा में गोलियां चलाईं थी। 

Comments