मथुरा में बस हाईजैक कर बदमाशों ने सवारियों से की लूटपाट

लाखों रुपये की नकदी और जेवरात लूटे…

मथुरा में बस हाईजैक कर बदमाशों ने सवारियों से की लूटपाट

मथुरा। जिले में बदमाशों ने यमुना एक्सप्रेसवे पर लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। बदमाशों ने सोमवार रात को एक प्राइवेट बस को हाईजैक कर लिया। इसके बाद चलती बस में हथियारों के बल सवारियों से लूटपाट की। वारदात को अंजाम देकर बदमाश बस रुकवाकर आसानी से फरार हो गए। लूट की यह वारदात थाना सुरीर क्षेत्र में हुई। दिल्ली से हमीरपुर जा रही प्राइवेट बस में छह बदमाश सवारी बनकर चढ़े थे। जब यह सब यमुना एक्सप्रेसवे पर माइल स्टोन 88 के पास पहुंची तो बदमाशों ने हथियारों के दम पर बस को हाईजैक कर लिया। 

बदमाशों ने सवारियों से लाखों रुपये की नकदी और जेवरात लूटे। शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी गई, जिससे डरी-सहमी चुपचाप बैठी रहीं। आधा किलोमीटर तक चलती बस में बदमाशों ने लूटपाट की। इसके बाद बस से उतरकर फरार हो गए। इसके बाद बस चालक ने पुलिस को सूचना दी। वारदात रात तकरीबन एक बजे की बताई गई है। बस लूट की जानकारी मिलने पर आईजी नवीन अरोड़ा, एसएसपी डॉक्टर गौरव ग्रोवर पहुंच गए।

बस को यमुना एक्सप्रेसवे के मांट टोल पर लाया गया है। डरी-सहमी सवारियों से पुलिस ने जानकारी जुटाई। पुलिस के अनुसार बदमाशों की संख्या छह बताई गई है। पुलिस टीमें उनकी तलाश में लगाी हैं। एक्सप्रेसवे पर पहले भी हो चुकी हैं वारदात -यमुना एक्सप्रेसवे पर लूट की यह पहली वारदात नहीं है। इससे पहले भी कई घटनाएं हो चुकी हैं। सात फरवरी 2020 को मैक्स पिकअप चालक से लूट हुई थी। 29 मई 2020 में एक व्यापारी से ढाई लाख रुपये लूट लिए गए थे।  अगस्त 2020 में चलती बस में महिला से दुष्कर्म की घटना सामने आई थी।

Comments