ग्वालियर में शुक्रवार को मिले 1154 नए कोरोना संक्रमित

मौत आंकड़ा भी लगातार बढ़ रहा…

ग्वालियर में शुक्रवार को मिले 1154 नए कोरोना संक्रमित

ग्वालियर। शुक्रवार को ग्वालियर में कुल संक्रमित का आंकड़ा 33 हजार पार हो गया है। अब शहर बेहद ही खतरनाक हालात में पहुंच चुका है। सैंपल देने पहुंच रहे लोगों में हर तीसरा व्यक्ति संक्रमित निकल रहा है। शुक्रवार को भी 1154 नए संक्रमित ग्वालियर में मिले हैं। साथ ही 21 संक्रमित की मौत हुई है। लगातार कोरोना संक्रतित और मौत का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। यही कारण है कि कलेक्टर ग्वालियर ने शुक्रवार को कोरोना कर्फ्यू में किराना दुकानों को दी गई छूट को कम कर दिया है। अब गली मोहल्ला में किराना दुकान 7 से 9 बजे तक ही खुलेंगी। अभी तक 12 बजे तक खुल रही थीं।साथ ही शहर के कुछ अस्पताल में ऑक्सीजन को लेकर रात तक हंगामा चलता रहा। ऑक्सीजन प्लांट पर भी पुलिस और प्रशासन को मोर्चा संभालना पड़ा। कुछ अस्पताल से ऑक्सीजन न होने पर पेशेंट रात को ही जेएएच में शिफ्ट करने पड़े हैं। 

प्रदेश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर बहुत खतरनाक होती जा रही है। पहली लहर के आंकड़ों को काफी पीछे छोड़ दिया है। अप्रैल 2021 तो कोरोना वायरस आम लोगों पर कहर बनकर टूट रहा है। अप्रैल महीने ने पिछले सभी महीनों के रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। लगातार कोविड पॉजिटिव की संख्या बढ़ती जा रही है। ग्वालियर में अप्रैल के 23 दिन में 14 हजार से ज्यादा संक्रमित हो गए है। प्रदेश के महानगरों इंदौर, भोपाल, जबलपुर और ग्वालियर में स्थिति बहुत खराब होती जा रही है। ग्वालियर में कोविड संक्रमित के आंकड़े हर दिन के साथ नए रिकॉर्ड बना रहे है। संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए पूरे प्रदेश में कोरोना कर्फ्यू लागू है। 

जिला प्रशासन और पुलिस सड़कों पर समझाइश के साथ-साथ सख्ती भी बरत रही है। इसके बाद भी कारोना संक्रमित कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। शुक्रवार को 3541 लोगों के सैंपल की रिपोर्ट आई है, इनमें से 1154 नए संक्रमित निकले हैं। इसके बाद कुल संक्रमित का आंकड़ा 33419 हो गया है। शनिवार के लिए 5320 सैंपल भेजे गए हैं। शुक्रवार तक कुल एक्टिव केस बढ़कर 8887 हो गए हैं। साथ ही एक सैकड़ा से ज्यादा स्थानों पर माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाए हैं। अभी तक कुल सैंपलिंग 4 लाख 10 हजार 709 के पार हो गई है। संक्रमण की दर लगातार बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को 21 लोगों की मौत हुई है। जिसके बाद कुल मौत का आंकड़ा 470 पर पहुंच गया है। 

राहत की बात यह रही है कि शुक्रवार को जहां 1154 नए संक्रमित मिले हैं तो वहीं 917 संक्रमित ठीक होकर डिस्चार्ज किए गए हैं। शुक्रवार रात शहर के सिटी सेंटर में परिधी हॉस्पिटल में कोविड पेशेंट के परिजन ने हंगामा कर दिया। उनसे अस्पताल के स्टाफ ने आकर कहा कि ऑक्सीजन खत्म हो गई है। सभी अपने पेशेंट को कहीं और ले जाएं। यह खबर से वहां हंगामा खड़ा हो गया। तत्काल वहां ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह, कांग्रेस नेता प्रवीण पाठक व अन्य नेता पहुंच गए। लोगों को समझाया साथ ही कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह से चर्चा की। जिसके बाद ऑक्सीजन उपलब्ध कराया गया। जिससे स्थिति फिर संभली।

Comments