गोविंद सिंह ने STF के सामने किया सरेंडर

पत्नी की अपील पर…

गोविंद सिंह ने STF के सामने किया सरेंडर

दमोह के पथरिया से BSP विधायक रामबाई के पति गोविंद सिंह परिहार को भिंड से पकड़ लिया गया है। वह पिछले 3 दिन से ग्वालियर-भिंड में घूम रहा था। हालांकि अभी विधायक पति की गिरफ्तारी पर STF खुलकर नहीं बोल रही है। STF इस मामले का खुलासा कर सकती है। शनिवार को विधायक पति का एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें वह खुद को भिंड में सरेंडर की बात कह रहा है। 50 हजार रुपए के इनामी विधायक पति के भिंड में सरेंडर करने के पीछे पथरिया और भिंड का बसपा कनेक्शन सामने आ रहा है। दोनों ही जगह बसपा के विधायक हैं। भिंड में बसपा से संजीव सिंह कुशवाह विधायक हैं। 

पथरिया विधायक रामबाई सिंह परिहार के पति गोविंद सिंह का नाम हटा निवासी देवेंद्र चौरसिया की हत्या में आने के बाद से वह फरार था। दो महीने पहले हटा कोर्ट ने विधायक पति का नाम FIR में शामिल कराया था। उसकी गिरफ्तारी न होने के बाद पुलिस ने उस पर 50 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था। वहीं सुप्रीम कोर्ट भी लगातार प्रदेश के डीजीपी और सरकार को दो बार फटकार लगा चुकी है। ऐसे में शासन और पुलिस दोनों पर आरोपी को गिरफ्तार करने का दबाव था। इसी बीच शनिवार को विधायक पति व 50 हजार रुपए के इनामी गोविंद सिंह ने भिंड में पकड़ लिया गया। ग्वालियर STF ने उसे भिंड के बस स्टैंड से अपनी गिरफ्तारी में लिया है। फिलहाल STF उसकी गिरफ्तारी पर कुछ नहीं कह रही है। आरोपी गोविंद सिंह ने 27 मार्च को एक वीडियो वायरल किया था। 

इसमें वह कहा रहा है कि पत्नी BSP विधायक रामबाई के कहने पर सरेंडर कर रहा है। लेकिन वह आरोपी नहीं है। सोशल मीडिया के माध्यम से पत्नी ने उसे सरेंडर करने की अपील की थी, इसलिए वह भिंड जिले के किसी भी थाना क्षेत्र में सरेंडर करने जा रहा है। वीडियो में उसने यह भी कहा है कि यह वीडियो 27 मार्च सुबह 5 बजे बनाया है। यदि दोषी साबित होता है तो उसे चौराहे पर फांसी पर लटका दिया जाए। इसके बाद उसका एक और वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वह कुछ लोगों के साथ एक वाहन में मौजूद है। इसमें गाेविंद सिंह कह रहा है कि वह वर्तमान में भिंड बस स्टैंड पर पहुंच गया है।

Comments