विकास कार्यों को लेकर निगम ने मेले में लगाई फोटो प्रदर्शनी

निगम प्रशासक एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने किया अवलोकन…

विकास कार्यों को लेकर निगम ने मेले में लगाई फोटो प्रदर्शनी

ग्वालियर। नगर निगम ग्वालियर द्वारा ग्वालियर व्यापार मेले में लगाई गई फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन आज निगम प्रशासक एवं सम्भागीय आयुक्त आशीष सक्सैना एवं निगमायुक्त शिवम वर्मा ने किया। नगर निगम ग्वालियर द्वारा किये जाने वाले विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी आमजनों तक पंहुचाने के लिए ग्वालियर व्यापार मेले में एक फोटो प्रदर्शनी लगाई जाती है। 

इस वर्ष भी निगम द्वारा ग्वालियर व्यापार मेले के प्रदर्शनी सेक्टर में निगम के विकास कार्यों की फोटो प्रदर्शनी लगाई गई है। जिसका अवलोकन आज बुधवार को सम्भागीय आयुक्त एवं निगम प्रशासक आशीष सक्सैना, आईजी अविनाश शर्मा, पुलिस अधीक्षक अमित सांघी, निगमायुक्त  शिवम वर्मा, अपर कलेक्टर रिंकेश वैश्य, मेला व्यापारी संघ के अध्यक्ष महेश मुदगल सहित मेला सचिव एवं अन्य अधिकारी व पदाधिकारियों ने किया। 

निगम द्वारा लगाई गई फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए विभिन्न विकास कार्यों की चर्चा भी निगमायुक्त से की। नगर निगम ग्वालियर के जनसम्पर्क विभाग द्वारा ग्वालियर व्यापार मेला में लगाई गई फोटो प्रदर्शनी में स्वच्छता अभियान को लेकर निगम द्वारा चलाये जा रहे जागरूकता अभियान एवं अन्य कार्यों को दर्शाया गया है। 

इसके साथ ही अमृत योजना के तहत निगम द्वारा शहर में पेयजल व सीवर की समस्या के स्थाई निदान के लिए किये जा रहे विकास कार्यों के बारे में बताया गया। इसके साथ नगर निगम ग्वालियर द्वारा शहर में किये जा रहे विभिन्न विकास कार्यों जिसमें शहर की उन्नत विद्युत व्यवस्था, सडक निर्माण कार्य, चैराहों का सौंदर्यीकरण, पार्कों में किया गया हार्टीकल्चर का कार्य एवं झूले आदि लगाने का कार्य के साथ ही निगम द्वारा निभाये जा रहे विभिन्न सामाजिक दायित्वों को भी फोटो प्रदर्शनी के माध्यम से दर्शाया गया है।

Comments