इंसान की हत्या आरोप में मुर्गा हुआ गिरफ़्तार !

अब कोर्ट में होगी पेशी, जानिए पूरा मामला…

इंसान की हत्या आरोप में मुर्गा हुआ गिरफ़्तार !

हैदराबाद।  तेलंगाना से  एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है , जिसे जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे | दरअसल यहां एक शख्स की मौत के मामले में पुलिस ने एक मुर्गे को कस्टडी में रखा हुआ है। मामला तेलंगाना के जगतियाल जिले का हैं , जहां मुर्गों के बीच एक लड़ाई का खेल चल रहा  था और इसी दौरान एक मुर्गे ने 45 साल के अपने मालिक सतीश पर हमला कर दिया, हमला इतना खतरनाक था कि सतीश को अपनी जान से तक हाथ धोना पड़ा। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया और पुलिस मुर्गे को ‘अरेस्ट’ कर थाने ले आई। अब इसे पुलिस कोर्ट में पेश करेगी। 

दरअसल, अवैध कॉक फाइट (मुर्गों के बीच की लड़ाई) में खेल के  दौरान मुर्गे के पैर से बंधा एक चाकू गलती से 45 वर्षीय थानुगुल्ला सतीश की कमर के नीचे लगने से वहां कट लग गया। बताया जा रहा है कि सतीश अवैध कॉक फाइट के लिए मुर्गा लेकर आया था, मगर इस घटना ने उसकी जीवनलीला ही समाप्त कर दी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मुर्गे की लड़ाई के दौरान ही मुर्गे के पैर में बंधे चाकू से सतीश घायल हो गया। इसके बाद सतीश के शरीर से काफी खून बहने लगा। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। चूंकि इस राज्य में कॉक फाइट बैन है, इसलिए लोगों के एक समूह ने चोरी-छिपे गांव में येलम्मा मंदिर के पास मुर्गे की लड़ाई का आयोजन किया था।

घटना के बाद पुलिस मुर्गे को गोलापल्ला थाने में ले आई और उसे कस्टडी में रखा। थाने में मुर्गे की देखभाल पुलिसकर्मी कर रहे हैं। पुलिस की मानें तो मुर्गे को ना तो हिरासत में लिया गया और ना ही अरेस्ट किया गया है। फिलहाल मुर्गे की सुरक्षा पुलिसकर्मी कर रहे हैं। पुलिस ने मुर्गे के खाने पीने का प्रबंध भी किया है। मुर्गे को कोर्ट के सामने भी पेश किया जाएगा जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फ़िलहाल इलाके में इस मुर्गे के कारनामे के चर्चे लोगों की जुबान पर है |  

Comments