मध्यप्रदेश के गृह मंत्री ने राहुल गांधी पर कसा तंज

पप्पू मछली पकड़ रहा है...

मध्यप्रदेश के गृह मंत्री ने राहुल गांधी पर कसा तंज

नई दिल्ली। अपने गृह क्षेत्र दतिया पहुंचे मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने शनिवार को कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी पर जोरदार तंज कसा है। मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि आप अंतर देखो मोदी जी तमिलनाडु में प्रचार कर रहे हैं, अमित शाह जी पश्चिम बंगाल में हैं, नड्डा जी असम में हैं, राजनाथ जी केरल में हैं और पप्पू मछली पकड़ रहा है, फिर कहेंगे EVM खराब है। 

दतिया में एक कार्यक्रम के दौरान मीडियाकर्मियों ने नरोत्तम मिश्रा से 5 राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर पूछे गए एक सवाल में ऐसी प्रतिक्रिया दी। मिश्रा ने कहा कि विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस और बीजेपी की तैयारियों का फर्क दोनों पार्टियों के नेताओं को देखकर समझा जा सकता है। इसी दौरान नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को बिना नाम लिए पप्पू कह कर संबोधित किया। मिश्रा ने कहा कि बीजेपी के सभी बड़े नेता चुनाव की तैयारियों में जुट गए हैं।

बता दें कि, नरोत्तम मिश्रा का इशारा राहुल गांधी की ओर था जो 2 दिन पहले ही मछुआरों के साथ समुद्र में मछली पकड़ते नजर आए थे। राहुल केरल में मछुआरों के साथ समुद्र में गए थे। उनका असली मकसद मछुआरों के जीवन को करीब से जानने के लिए उनके साथ समय बिताना था। राहुल उनके साथ नाव पर समुद्र में थे जब एक मछुआरे ने मछली पकड़ने के लिए समुद्र में छलांग लगा दी, उसके ठीक पीछे राहुल गांधी भी समुद्र में कूद गए थे। उनका यह वीडियो खूब वायरल हुआ था।

Comments