सबसे कम समय में 40 लाख टीके लगाने वाला पहला देश बना भारत

भारत ने हासिल की बड़ी उपलब्धि...

सबसे कम समय में 40 लाख टीके लगाने वाला पहला देश बना भारत

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि 18 दिन के भीतर देश में 40 लाख लोगों को कोरोना रोधी टीके लगाए गए हैं। इसके साथ ही भारत सबसे तेज गति से इस आंकड़े तक पहुंचने वाला देश बन गया है। बुधवार सुबह तक देश में 41 लाख से ज्यादा लोगों को कोरोना रोधी टीके लगाए गए। 

इस बीच, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन टीकाकरण अभियान को लेकर सही सूचना फैलाने में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया है। मंत्रालय ने कहा, "कोरोना रोधी टीके लगाने के मामले में भारत एक फरवरी को दुनिया के शीर्ष पांच देशों की सूची में था। भारत तेज गति से यह टीकाकरण जारी रखेगा।" केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने कोरोना रोधी टीकाकरण को लेकर सही सूचना फैलाने के लिए युवाओं का सहयोग और समर्थन मांगा है। 

उन्होंने कहा कि टीकाकरण अभियान और महामारी से जुड़ी सरकार की नीतियों के बारे में लोगों तक सही जानकारी पहुंचाने के लिए युवाओं को आगे आने चाहिए। श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स के 94वें स्थापना दिवस के मौके पर वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये छात्रों को संबोधित करते हुए हर्षवर्धन ने कहा कि महामारी की वजह से तात्कालिक तौर पर विकास की योजनाएं पटरी से उतर गई हैं।

Comments