कैंसर पहाड़िया की सफाई के लिए निगम ने चलाया अभियान

जनसहयोग से कैंसर पहाड़िया को किया साफ सुथरा...

कैंसर पहाड़िया की सफाई के लिए निगम ने चलाया अभियान

ग्वालियर। शहर के मध्य स्थित एकमात्र हरी-भरी पहाड़ी जो कि शहर को ऑक्सीजन प्रदान करती है, की साफ सफाई के लिए नगर निगम द्वारा रविवार को विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया । जिसमें जन सहयोग, जनभागीदारी एवं सामाजिक संगठनों का भी सहयोग मिला। इसके साथ ही निगम की पूरी मशीनरी व अमले ने निगमायुक्त नरोत्तम भार्गव के निर्देशन में पहाड़िया को साफ सुथरा व स्वच्छ किया। 

संभागीय आयुक्त एवं निगम प्रशासक आशीष सक्सेना के निर्देशानुसार एवं निगम आयुक्त नरोत्तम भार्गव के मार्गदर्शन में  उपायुक्त स्वास्थ्य सत्यपाल सिंह चौहान  नोडल अधिकारी केशव सिंह चौहान सहित अन्य  अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा  स्वयं उपस्थित रहकर  विशेष अभियान का नेतृत्व किया। 

जिसमें नगर निगम के सभी कर्मचारियों ने श्रमदान करते हुए विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं के साथ शहर  को ऑक्सीजन प्रदान करने वाली कैंसर पहाड़िया पर लगे कचरे के ढेरों को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान नीचे से लेकर पूरी कैंसर पहाड़िया पर चढ़ते हुए रोड के दोनों और शिवपुरी लिंक रोड तक कचरे के ढेर साफ किए गए तथा उनको उठवा कर लैंडफिल साइट भिजवाया गया। 

इसके साथ ही निगम अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा आम जनों से यह भी अपील की गई कि इस क्षेत्र में कचरा ना डालें और कैंसर पहाड़िया को साफ व स्वच्छ रखने में सभी सहयोग करें। निगमायुक्त श्री भार्गव ने बताया कि इसी प्रकार शहर के अन्य स्थानों पर भी विशेष अभियान चलाकर स्वच्छता की एक मुहिम को निरंतर जारी रखा जाएगा।

Comments