गार्डन में तोड़फोड़ के विरोध में आज सिंधिया के पुतले जलाएगी कांग्रेस

शनिवार को फूलबाग पर धरना देगी कांग्रेस...

गार्डन में तोड़फोड़ के विरोध में आज सिंधिया के पुतले जलाएगी कांग्रेस

ग्वालियर। प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री अशोक सिंह के थाटीपुर स्थित बालाजी गार्डन पर जिला प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई पर कांग्रेस ने शिवराज सरकार व ज्योतिरादित्य सिंधिया पर हमला बोलने का निर्णय लिया है। गुरुवार को शहर जिला कांग्रेस कार्यालय में आपात बैठक हुई। बैठक में कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि अशोक सिंह के गार्डन पर जिला प्रशासन ने द्वेष पूर्ण कार्रवाई राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया के इशारे पर की है। सर्वसम्मति से शुक्रवार दोपहर एक बजे 12 ब्लॉकों में सिंधिया के पुतले जलाने का निर्णय लिया है। साथ ही शनिवार को फूलबाग पर शहर जिला कांग्रेस धरना देगी । बैठक में विधायक प्रवीण पाठक, डा.सतीश सिकरवार व सुरेश राजे भी मौजूद थे। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष डा.देवेंद्र शर्मा की अध्यक्षता में कांग्रेस कार्यालय में बैठक हुई। 

जिसमें कांग्रेसियों ने आक्रोश जताते हुए कहा कि उपचुनाव में डबरा(अजा) विधानसभा क्षेत्र से इमरती देवी व ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र से मुन्नाालाल गोयल की हार से ज्योतिरादित्य सिंधिया व भाजपा बौखला गई है। सिंधिया के इशारे पर सबसे पहले जिला प्रशासन ने अशोक सिंह व उनके परिवार को टारगेट किया है। उनकी पुश्तैनी जमीन पर बुलडोजर चलाकर राजनीतिक द्वेश की भावना से कार्रवाई की है। जिसका कांग्रेस सड़कों पर उतरकर विरोध करेगी। प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष अशोक सिंह, महामंत्री सुनील शर्मा. बालेंदु शुक्ला, चंद्रमोहन नागौरी, शहर जिला कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष महाराज सिंह पटेल, इब्राहिम पठान, अमर सिंह माहौर, मोहन माहेश्वरी, वीर सिंह तोमर, बालेंदु शुक्ला, लतीफ खा मल्लू, कल्लू दीक्षित, नाजिम खान, राजकुमार शर्मा सहित काफी संख्या में कांग्रेसी मौजूद थे। 

शहर जिला कांग्रेस ने अशोक सिंह के गार्डन के खिलाफ की गई कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को ज्योतिरादित्य सिंधिया का पुतलें जलाने का एलान किया है। जबकि महलगांव के मंडलम अध्यक्ष संदीप यादव व सुरेश मांडेलिया ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भेजे व्हाट्सअप मैसेज में थाटीपुर पर पूर्व सांसद रामसेवक सिंह गुर्जर की मौजूदगी में थाटीपुर चौराहे पर दोपहर 12 बजे सिंधिया की बजाए मुख्यमंत्री का पुतला जलाने का संदेश भेजा हैं। जिसके कारण गफलत की स्थिति बन गई है। हालांकि शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ देवेंद्र शर्मा ने कहा कि पुतले ज्योतिरादित्य सिंधिया के ही जलाए जाएंगें।

कांग्रेस शासनकाल में भाजपा ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर ज्योतिरादित्य सिंधिया को शहर का सबसे बड़ा भू-माफिया बताया था। जिला प्रशासन को भू-माफिया के खिलाफ कार्रवाई महल से शुरू करनी चाहिए। जिला प्रशासन की द्वेषपूर्ण कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस सड़कों पर उतरकर विरोध करेगी। - डा.देवेंद्र शर्मा (शहर जिला अध्यक्ष कांग्रेस)

Comments