ग्वालियर के दिव्यांग पैरा-स्वीमर को राष्ट्रपति देंगे राष्ट्रीय अवार्ड

देश में पहली बार…

ग्वालियर के दिव्यांग पैरा-स्वीमर को राष्ट्रपति देंगे राष्ट्रीय अवार्ड

ग्वालियर। अंतर्राष्ट्रीय ख्याति-प्राप्त दिव्यांग तैराक सतेन्द्र सिंह लोहिया को प्रतिष्ठित तेनजिंग नॉरगे राष्ट्रीय साहसिक सम्मान-2020 से सम्मानित किया जायेगा। भारत के  राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 29 अगस्त को नई दिल्ली में उन्हें यह सम्मान देंगे। प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण मंत्री प्रेम सिंह पटेल ने इस सम्मान के लिए चयनित होने पर श्री लोहिया को बधाई दी। ग्वालियर में पले-बढ़े श्री लोहिया भिण्ड जिले के ग्राम गाता के मूलनिवासी हैं। सतेन्द्र सिंह यह अवार्ड पाने वाले देश के पहले दिव्यांग खिलाड़ी होंगे। वे अमेरिका में 42 किलोमीटर की केटलीना चैनल सिर्फ 11:34 घंटे में तैरकर पार करने वाले पहले एशियाई दिव्यांग तैराक बने थे। 

चैनल में पानी का तापमान लगभग 12 डिग्री होने के साथ ही शार्क मछलियों के हमले का खतरा भी बना रहता है। दिन में तेज चलने वाली हवाओं से बचने के लिये श्री लोहिया ने यह चैनल रात में पार किया, जो एक बड़ी चुनौती थी। दिव्यांग तैराक श्री लोहिया के पिता गयाराम लोहिया वर्तमान में ग्वालियर के मुथूट फायनेंस में सिक्यूरिटी गार्ड हैं। श्री लोहिया इंदौर में वाणिज्यिक कर विभाग में कार्यरत हैं। वे कहते हैं मैंने अपनी दिक्कतों को ही अपनी ताकत बना लिया है।

उनका कहना है दिव्यांगों को सहानुभूति की नहीं, सहयोग और सम्मान की जरूरत होती है। विश्व दिव्यांग दिवस पर उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू द्वारा सर्वश्रेष्ठ दिव्यांग खिलाड़ी नेशनल अवार्ड से सम्मानित पैरा-स्वीमर सतेन्द्र सिंह को मध्यप्रदेश के सर्वोच्च खेल अवार्ड से भी नवाजा जा चुका है। सतेन्द्र सिंह लोहिया ने ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में ओलम्पिक स्वीमिंग एनएसडब्ल्यू-2017 स्टेट ओपन चैम्पियनशिप में भारत के लिये स्वर्ण-पदक जीता। 

उन्होंने मई-2017 में ओपन वाटर सी-स्वीमिंग फीट ऑफ 33 किलोमीटर को पार किया। श्री लोहिया ने 24 जून, 2018 को इंग्लिश चैनल स्वीमिंग में पैरा-स्वीमिंग रिले टीम के माध्यम से कीर्तिमान स्थापित किया और 18 अगस्त, 2019 को कैटलीना इंग्लिश चैनल पार कर इतिहास रचा। राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में सतेन्द्र ने मध्यप्रदेश के लिये 12 रजत एवं 8 काँस्य-पदक हासिल किये हैं। 

'मैंने सतेन्द्र सिंह लोहिया से मुलाकात की। वे एक बेहतरीन पैरा-तैराक हैं। उन्होंने अब तक कई पुरस्कार जीते हैं। उनकी जीवन-यात्रा कई लोगों को प्रेरित कर सकती है। कुछ समय पहले वे कैटलीना चैनल को तैरकर पार गये।'' - प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी

Comments