क्वारेंटाइन सरकार की वर्चुअल कैबिनेट आज

मुख्यमंत्री अस्पताल से होंगे शामिल…
क्वारेंटाइन सरकार की वर्चुअल कैबिनेट आज

कोविड संक्रमण का असर सरकार के कामकाज पर भी पड़ने लगा है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और मंत्री अरविंद भदौरिया के पॉजिटिव होने के बाद मंगलवार को सुबह 11 बजे हो रही पहली कैबिनेट बैठक वर्चुअल होगी। मप्र में ऐसा पहली बार होगा। इसका ट्रायल रन सुबह 9:30 बजे होगा। घर में क्वारेंटाइन मंत्री इससे जुड़ेंगे। एजेंडा उन्हें बता दिया गया है। इस बीच मुख्य सचिव के डिप्टी सेक्रेटरी व आईएएस अधिकारी अरविंद दुबे और पिपरिया से भाजपा विधायक ठाकुरदास नागवंशी संक्रमित पाए गए हैं। दुबे की रविवार की देर शाम प्रारंभिक रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वे चिरायु अस्पताल में एडमिट हो गए हैं। 

कई मंत्रियों का पहला कोविड टेस्ट निगेटिव आया है। बताया जा रहा है कि वे जल्द ही दूसरा सेंपल देंगे। स्वास्थ्य मंत्री प्रभुराम चौधरी भी सैंपल दे सकते हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा का दूसरा टेस्ट निगेटिव रहा। इधर, मंत्रियों के स्टॉफ में संक्रमण के नए केस मिले हैं। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया के स्टॉफ में पदस्थ चार कर्मचारी कोरोना पाजिटिव निकले हैं। सिसोदिया की रिपोर्ट निगेटिव आई है। उन्होंने डॉक्टरों की सलाह पर खुद को पांच दिन के लिए क्वारेंटाइन किया है। 

ठाकुरदार नागवंशी ने पॉजिटिव आने के बाद अपील की है कि जो भी हाल ही के दिनों में उनके संपर्क में आए हैं वे कोरोना का टेस्ट करवा लें। स्कूल शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार के निजी सचिव आरडी सोलंकी भी संक्रमित पाए गए हैं। लिहाजा मंत्री ने खुद सबसे दूरी बना ली है। रिजल्ट जारी करते समय एक्टिव रहे। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर कोविड टेस्ट निगेटिव आने के बाद क्षेत्र में जनता के बीच सक्रिय हो गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद सोमवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री के स्वास्थ्य की जानकारी ली। केंद्रीय मंत्रियों ने भी कुलशलक्षेम पूछा।

Comments