संजय बने कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष

मुख्यमंत्री शिवराज के साले…
संजय बने कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष

मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के साले संजय सिंह मसानी को प्रदेश कांग्रेस का उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। कांग्रेस की ओर से मसानी को प्रदेश में होने वाले विधानसभा उपचुनाव प्रचार-प्रसार के लिए प्रादेशिक समन्वयक और प्रभारी भी बनाया गया है। वे संबंधित क्षेत्रों में दौरा कर कांग्रेस प्रत्याशियों को जीत दिलाने में सहयोग करेंगे। 2018 में विधानसभा चुनाव से पहले संजय सिंह कांग्रेस में शामिल हुए थे। उन्होंने अपने जीजा शिवराज सिंह की सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। 

प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने उन्हें बालाघाट जिले की वारासिवनी विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में उतारा था। कांग्रेस में शामिल होते वक्त उन्होंने कहा था कि मध्य प्रदेश को शिवराज सिंह चौहान की नहीं, बल्कि कमलनाथ की जरूरत है। चुनाव में संजय तीसरे नंबर पर रहे थे। संजय सिंह मसानी मूल रूप से महाराष्ट्र के गोंदिया के रहने वाले हैं। मध्य प्रदेश में शूट हुई कई फिल्मों में वह नजर आ चुके हैं। महेश्वर में पैडमैन फिल्म की शूटिंग हुई थी। उस फिल्म में संजय सिंह ने अक्षय कुमार के साले का किरदार निभाया था। 

अब तक वह लगभग आधा दर्जन फिल्मों में नजर आ चुके हैं। शिवराज के साले संजय मसानी की कांग्रेस ने साल 2012 में आयकर विभाग में आय से अधिक संपत्ति की शिकायत की थी और कार्रवाई की मांग की थी। शिवराज सिंह डंपर विवाद में फंसे थे तो उसमें भी संजय मसानी का नाम आया था। व्यापमं मामले में भी उनका नाम आरोपों के घेरे में आया था। उस वक्त व्यापमं के व्हिसल ब्लोअर डॉक्टर आनंद राय ने ट्वीट करके उन पर गंभीर आरोप लगाए थे। संजय सिंह ने बदले में मानहानि का केस करने की धमकी दी थी। हालांकि, संजय ने कभी केस नहीं किया।

Comments