संक्रमित देशों की सूची में 9वें से 7वें स्थान पर पहुंचा भारत

रोज सामने आ रहे 8 हजार से ज्यादा मामले…
संक्रमित देशों की सूची में 9वें से 7वें स्थान पर पहुंचा भारत

नई दिल्ली। भारत में संक्रमितों की संख्या रविवार को 1.89 लाख हो गई। इसके साथ ही यह जर्मनी के 1.83 लाख और फ्रांस के 1.88 लाख मामलों से आगे निकल गया। दुनिया में सबसे ज्यादा संक्रमित देशों की सूची में भारत अब 9वें से 7वें स्थान पर आ गया। 

रविवार शाम तक देश में कुल एक लाख 89 हजार 765 मामले सामने आ चुके थे। बीते दो दिन से हर रोज 8 हजार से ज्यादा संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं। सबसे ज्यादा संक्रमितों की सूची में अमेरिका पहले स्थान पर है। यहां 18 लाख से ज्यादा मामले हैं। ब्राजील में पांच लाख से ज्यादा मामले हैं और वो तीसरे पायदान पर है। 

रूस में महामारी का असर बाकी देशों की तुलना में कुछ देर से शुरू हुआ लेकिन वो अब तीसरे स्थान पर है। देश में लॉकडाउन बढ़ाए जाने की चर्चा थी। लेकिन, सरकार शनिवार को अनलॉक-1 का फॉर्मूला लेकर आई। केंद्र ने नए नाम से लॉकडाउन के कायदे बताए। गृह मंत्रालय ने अपने सात पेजों के आदेश में तीन बड़ी बातें कहीं। 

पहली- देश के सभी कंटेंनमेंट जोन में 30 जून तक लॉकडाउन बदस्तूर जारी रहेगा। अभी देश के 12 राज्यों के 30 शहरों में कंटेनमेंट जोन हैं। 
दूसरी- अनलॉक करने की पहली किस्त में देश को तीन फेज में खोलने की तैयारी है। लेकिन इसके लिए स्वास्थ्य मंत्रालय SOP यानी तौर-तरीके तय करेगा। 
तीसरी- देशभर में रात का कर्फ्यू जारी रहेगा। यानी रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक कहीं भी आवाजाही पर रोक लगी रहेगी। हां, जरूरी सेवाओं को इसमें छूट मिलेगी।

Comments