रविवार को निगम चलायेगा सभी 66 वार्डों में संक्रमण की रोकथाम हेतु विशेष अभियान

निगम अमला सम्पूर्ण मशीनरी के साथ हर वार्ड में करेगा सेनेटाइजेशन...

रविवार को निगम चलायेगा सभी 66 वार्डों में संक्रमण की रोकथाम हेतु विशेष अभियान 


ग्वालियर। नोवेल कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिये ग्वालियर शहर के सभी 66 वार्डों में नगर निगम द्वारा रविवार को चलाया जायेगा विशेष अभियान । नगर निगम का अमला सम्पूर्ण मशीनरी के साथ स्वच्छता के साथ-साथ हर वार्ड में सेनेटाइजेशन का कार्य करेगा। शहर में निगम द्वारा सफाई के साथ-साथ सेनेटाइजेशन का कार्य किया जा रहा है। इस कार्य को और प्रभावी रूप से करने के लिये निगम द्वारा विशेष अभियान प्रारंभ किया जा रहा है।

कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह एवं नगर निगम आयुक्त संदीप माकिन ने शहर में नोवेल कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिये विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इस अभियान से सभी वार्डों में सफाई के साथ-साथ सार्वजनिक स्थलों, पार्कों, शासकीय भवनों के साथ-साथ निजी भवनों में भी सेनेटाइजेशन का कार्य किया जायेगा। निगम के अमले के साथ-साथ वार्ड के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि और सामाजिक संस्थाओं के लोगों से भी इस विशेष अभियान में सहयोग करने की अपील की गई है।

नगर निगम आयुक्त संदीप माकिन ने बताया कि नोवेल कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिये पूर्व से ही निगम द्वारा विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। अभियान चलाकर सफाई के साथ-साथ सेनेटाइजेशन का भी कार्य निरंतर किया जा रहा है। कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह के निर्देश पर शहर के सभी 66 वार्डों में रविवार को विशेष अभियान चलाकर कार्य किया जायेगा।

अपर आयुक्त नगर निगम नरोत्तम भार्गव ने बताया कि विशेष अभियान में नगर निगम का सम्पूर्ण सफाई अमला कार्य करेगा। इसके साथ ही नगर निगम की 15 जेटिंग मशीन, 25 फॉगिंग मशीन, 3 फायर ब्रिगेड, 2 सक्शन मशीन के साथ ही 150 हाथ से संचालित पम्प मशीनों का उपयोग किया जायेगा। अभियान के तहत पूरे वार्ड में कचरा संग्रहण, साफ-सफाई के साथ-साथ सेनेटाइजेशन का कार्य भी दिनभर किया जायेगा। इसके माध्यम से हर वार्ड को नोवेल कोरोना के वायरस से मुक्त करने का प्रयास किया जायेगा।

कलेक्टर ग्वालियर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने नगरवासियों से अपील की है कि नोवेल कोरोना के वायरस से बचने के लिये सावधानी बरतें। इसके साथ ही निगम द्वारा चलाए जा रहे अभियान में भी सहभागी बनें। उन्होंने यह भी अपील की है कि नोवेल कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने का एक मात्र तरीका उससे सावधानी ही है। कोई भी व्यक्ति बिना कार्य के घर के बाहर न निकले। घर से बाहर निकलते समय हर व्यक्ति अनिवार्यत: मास्क का उपयोग करे। अपने हाथ नियमित रूप से धोए।

Comments