रबी फसल खरीदी केन्द्रों पर चना-गुड़ भी रखा जाए : कलेक्टर

कलेक्टर श्री सिंह ने डबरा एवं भितरवार में खरीदी केन्द्रों का किया अवलोकन...

रबी फसल खरीदी केन्द्रों पर चना-गुड़ भी रखा जाए : कलेक्टर


ग्वालियर। रबी उपार्जन के तहत समर्थन मूल्य पर किसानों से गेहूँ, सरसों एवं चने की खरीदी का कार्य सम्पूर्ण प्रदेश की भाँति ग्वालियर में भी प्रारंभ हो गया है। अपनी उपज को विक्रय करने खरीदी केन्द्र पर आने वाले किसानों को छाया, पानी के साथ-साथ चने और गुड़ भी प्रदान करने के निर्देश कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने दिए हैं।

कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने गुरूवार को डबरा एवं भितरवार का भ्रमण कर खरीदी केन्द्रों का अवलोकन किया। इसके साथ ही खरीदी गई उपज को भण्डारति करने तथा परिवहन की व्यवस्था के संबंध में भी अवलोकन कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन, एसडीएम डबरा श्रीमती जयति सिंह, एसडीएम भितरवार के के गौर सहित खरीदी के कार्य से जुड़े अधिकारी उपस्थित थे।

कलेक्टर श्री सिंह ने डबरा में खरीदी केन्द्रों का अवलोकन किया और अधिकारियों को निर्देशित किया कि नोवेल कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए सोशल डिस्टेंसिंग का विशेष ध्यान रखा जाए। सभी खरीदी केन्द्रों पर सेनेटाइजर की व्यवस्था हो। इसके साथ ही खरीदी केन्द्रों पर पर्याप्त छाया, पीने का पानी उपलब्ध कराने के साथ-साथ अपनी उपज को विक्रय करने आने वाले किसानों के लिये गुड़ और चने की उपलब्धता भी रखने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।

कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने यह भी निर्देशित किया है कि प्रतिदिन खरीदी के लिये उतने ही किसानों को एसएमएस के माध्यम से बुलाया जाए, जितने से भीड़ न हो। आने वाले सभी किसानों को अपनी उपज को विक्रय करने में कोई कठिनाई न हो, यह भी सुनिश्चित किया जाए। किसानों को खरीदी केन्द्र तक आने और जाने में परेशानी न हो, इसके लिये भी मैदानी अधिकारियों और कर्मचारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।

उन्होंने भितरवार पहुँचकर खरीदी केन्द्रों का अवलोकन किया। भितरवार एसडीएम के के गौर को निर्देशित किया कि खरीदी केन्द्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थायें पूर्ण रहना चाहिए। किसानों को किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो। नोवेल कोरोना वायरस के दृष्टिगत जो आवश्यक सावधानियां बरती जाना हैं उनका भी पालन किया जाए। किसानों से क्रय किए गए खाद्यान्न का परिवहन एवं भण्डारण भी समय रहते सुनिश्चित किया जाए।

Comments