कांग्रेसी हाथी चलते हैं और कुत्ते भौंकते रहते हैं : इमरती देवी

हल्लाबोल प्रदर्शन पर मंत्री का विवादास्पद बयान...

कांग्रेसी हाथी चलते हैं और कुत्ते भौंकते रहते हैं : इमरती देवी


ग्वालियर. प्रदेश में शुक्रवार को भाजपा के हल्लाबोल आंदोलन को लेकर कमलनाथ सरकार में मंत्री इमरती देवी ने विवादास्पद बयान दिया है। मंत्री ने कहा कि "कांग्रेसी हाथी हैं, चलते हैं और कुत्ते भौंकते रहते हैं, हमें कोई फर्क नहीं पड़ता।" महिला एवं बाल विकास मंत्री इमरती ग्वालियर में पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रही थीं।

मंत्री यहां राष्ट्रीय बालिका दिवस कार्यक्रम में शामिल हुईं। उन्होंने क्षेत्र में उत्कृष्ट काम करने वाली बेटियों का सम्मान किया। इमरती देवी ने कहा कि मुख्यमंत्री कमलनाथ और ज्योतिरादित्य सिंधिया को माफिया बनने की जरूरत नहीं है। उन्होंने भाजपा के नेताओं पर माफिया होने का आरोप लगाया।

कहा- जो पहले साइकिल से चलते थे अब वह क्या हो गए हैं। उन्होंने राजगढ़ की घटना का जिक्र आने पर कहा कि प्रदेश सरकार अपना काम कर रही है। हमें भाजपा की चिंता नहीं है। इमरती ने कहा कि सिंधिया के पास तो उनके परिवार का दिया बहुत कुछ है, ऐसे में वह भ्रष्टाचार क्यों करेंगे?

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कमलनाथ सभी प्रकार के माफिया के खिलाफ अभियान चला रहे हैं। शुक्रवार को भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई के विरोध में कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया था। इसी दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने सिंधिया भू-माफिया के नारे लगाए। इस पर इमरती प्रतिक्रिया दे रही थीं। 
Reactions

Post a Comment

0 Comments