आनंद उत्सव के तहत...
दिव्यांग बच्चों ने जोश व उमंग के साथ किया प्रदर्शन
ग्वालियर दिनांक 24 जनवरी 2020- दिव्यांग छात्र-छात्राओं में जोश भरने एवं आनंद का अनुभव कराने के लिए आयोजित आनंद उत्सव में शुक्रवार को दिव्यांग खेल कूद प्रतियोगिताओं एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया जिसमें बडी संख्या में दिव्यांग बच्चों ने उत्साह से भाग लिया।
नगर निगम ग्वालियर एवं जिला प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से आनंद उत्सव के आयोजन के द्वितीय क्रम में दिव्यांग आनंद उत्सव का आयोजन बाल भवन में किया गया। जिसमें विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। विभिन्न प्रकार के खेलों में रस्सी खींच, चेयर रेस प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसके साथ ही कार्यक्रम में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में गीत गायन नृत्य व काव्यपाठ का आयोजन किया गया।
आनंद उत्सव के तहत आयोजित कार्यक्रमों में अमर ज्योति, आत्म-ज्योति, एहसास शासकीय दृष्टि एवं श्रवण बाधित विद्यालय, अहिंसा महिला बाल विकास कल्याण समिति, वुमन चाइल्ड केयर, जस्टिस तंखा मेमोरियल आदि संस्थाओं के दिव्यांग बालक बालिकाएं अपने शिक्षकों के साथ उपस्थित हुए।
चेयर रेस में नीरज गौड प्रथम, अमन खान द्वितीय, सबीना खान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। एहसास संस्था के बच्चों ने नृत्य की प्रस्तुति दी। आत्मज्योति के बच्चों ने गायन किया। मूक बधिर स्कूल के छात्र ने मां के ऊपर एक उत्कृष्ट गीत का गान किया।
कार्यक्रम में विधायक मुन्नालाल गोयल मुख्य अतिथि एवं शिवराज वर्मा अपर आबकारी आयुक्त, सेवानिवृत्त पुलिस अधीक्षक पीके दीक्षित डॉक्टर, संजीव खेमरिया डिप्टी कलेक्टर, नगर निगम के सहायक आयुक्त आनंद कुमार, राज्य आनंद संस्थान के संयोजक एके शर्मा, के के बुटोलिया, हेमंत त्रिवेदी हैप्पीनेस अवेयर मिशन के अंशुमान शर्मा, आरके जोशी, बबीता सेंगर, रुचि सचान, आकाश बरुआ, शशांक दंडोतिया, गौरव सिंह परिहार सुश्री बुली सेंगर, सुश्री शिल्पी सांगी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन पवन दीक्षित ने किया।




0 Comments