सीमा सुरक्षा बल अकादमी टेकनपुर में…
71वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण
ग्वालियर l 26 जनवरी 2020/ 71वें गणतंत्र दिवस पर सीमा सुरक्षा बल अकादमी के रानी लक्ष्मीबाई परेड ग्राउण्ड में एक भव्य परेड का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्रीराम अवतार महानिरीक्षक संयुक्त निदेशक अकादमी सीमा सुरक्षा बल टेकनपुर ने अजेय प्रहरी शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा परेड स्थल पर ध्वजारोहण के उपरांत परेड की सलामी ली। उन्होंने सभी उपस्थित अधिकारियों एवं कार्मिकों को गणतंत्र दिवस की बधाई एवं शुभकामनायें दी।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने कहा कि आप सभी को विविद है कि हमारा देश विश्व का सबसे बड़ा प्रजातांत्रिक गणतंत्र है। आज के दिन ही गणतंत्र की नींव सन् 1950 में रखी गई। हम सभी अपने देश के संविधान और कानून की रक्षा के लिए न सिर्फ कटिबद्ध है बल्कि पूर्ण रूप से समर्पित भी है और यही कारण है कि हमारे देश को समूचे विश्व में बहुत ही आदर एवं सम्मान से देखा जाता है।
देश प्रगति की ओर तेजी से अग्रसर है। मुझे आशा ही नहीं बल्कि पूर्ण विश्वास है कि हम अपने देश को और आगे बढ़ाने के लिए अधिक उत्साह, धैर्य एवं तत्परता के साथ कार्य करेंगे तथा अपने गणतंत्र की रक्षा एवं देश की रक्षा के लिए सीमा सुरक्षा बल की परंपरा अनुसार सर्वोच्च बलिदान देने के लिए भी तैयार रहेंगे।
बल का 54 साल का सुनहरा सफर उपलब्धियों से भरा है। पूरी दुनिया से सबसे बड़े बॉर्डर गार्डिंग फोर्स का खिताब हासिल करने वाला यह बल अपनी उत्कृष्ट सीमा प्रबंधन के लिए विश्व विख्यात है। आरंभ में 25 बटालियनों के साथ इस बल की स्थापना अंतर्राष्ट्रीय सीमाओं की रक्षा के लिए की गई थी।
देश के बदलते हालात के साथ आज यह फोर्स सीमा प्रबंधन के अतिरिक्त आंतरिक सुरक्षा ड्यूटी, काउण्टर इंसरजेंसी ऑपरेशन आदि कार्यों को भी बखूबी निभा रही है। चाहे रन कच्छ का दलदली इलाका हो या राजस्थान का रेतीला रेगिस्तान, पूर्वोत्तर राज्यों के घने जंगल हों या कश्मीर के बर्फीले पहाड़, हमारे सीमा प्रहरी पूरी निष्ठा एवं सतर्कता के साथ देश की रक्षा में तैनात हैं।
उग्रवाद, आतंकवाद एवं नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई हो या फिर प्राकृतिक आपदा, कठिन से कठिन हालातों में भी हमारे प्रहरी अपने कर्तव्य निभाने के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। अकादमी के सीनियर सेकेण्ड्री स्कूल में भी गणतंत्र दिवस का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का प्रारंभ मुख्य अतिथि आई के मेहता महानिरीक्षक सहायक प्रशिक्षण केन्द्र टेकनपुर द्वारा ध्वजारोहण से किया गया।
विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया। तत्पश्चात छात्र-छात्राओं द्वारा भाषण कविता, गीत, संगीत तथा नृत्य के रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। जिसकी सराहना मुख्य अतिथि, अधिकारीगण तथा दर्शक दीर्घा से भी की गई।


0 Comments