पुलिस ने कई स्थानों पर की छापेमारी...
हनीट्रैप मामले में एक निजी मीडिया समूह पर कार्रवाई
इंदौर l मध्यप्रदेश की इंदौर पुलिस ने शनिवार रात को बहुचर्चित हनीट्रैप मामले में कई जगहों पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने स्थानीय कारोबारी जीतेन्द्र सोनी के घर, होटल, रेस्तरां और नाइट क्लब पर छापे मारे गये। सोनी एक सांध्य दैनिक के मालिक भी हैं। दल जांच के लिए इस मीडिया संस्थान के दफ्तर भी पहुंचा।
मध्यप्रदेश के चर्चित हनी ट्रैप मामले में पुलिस ने शनिवार देर रात एक निजी मीडिया समूह पर कार्रवाई की है। पुलिस ने देर रात मीडिया संस्थान व अन्य ठिकानों पर छापेमारी की। इसके अलावा मीडिया समूह से जुड़े कारोबारी और उनके परिवार के खिलाफ अलग—अलग मामलों में तीन एफआईआर दर्ज की गई हैं।
पुलिस ने बताया कि एमआईजी, पलासिया और कनाड़िया के पुलिस थानों में अलग—अलग आरोपों में एफआईआर दर्ज हुई हैं। मीडिया समूह का अखबार हनी ट्रैप मामले से जुड़ी जानकारी पिछले कई दिनों से प्रकाशित और प्रसारित कर रहा था।
पुलिस ने कहा कि हनी ट्रैप मामले के शिकायतकर्ता और इंदौर नगर निगम के निलंबित इंजीनियर के कहने पर अखबार में छपी खबर को लेकर आईटी एक्ट के तहत संबद्ध प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि अखबार ने उनकी निजता का हनन किया है।
इस बीच, इंदौर प्रेस क्लब और प्रदेश के अन्य पत्रकार संगठनों ने इस कार्रवाई को लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को डराने का सरकारी प्रयास करार दिया है। इसकी कड़ी निंदा की है। पत्रकार सोशल मीडिया पर भी इस कार्रवाई का विरोध जता रहे हैं।
इस दौरान पुलिस के साथ नगर निगम, बिजली कंपनी, आबकारी विभाग और खाद्य विभाग की टीम साथ थी। पुलिस ने एसडीएम की मौजूदगी में छापेमारी की कार्रवाई की। इस दौरान कई लोगों की उनकी तीखी नोंक-झोक भी हुई लेकिन प्रशासन की सख्ती के आगे किसी की नहीं चल सकी।
बता दें कि मध्यप्रदेश में हनीट्रैप मामले ने काफी सुर्खियां बटोरी थी। इस जांच के लपेटे में कई वरिष्ठ अधिकारी भी आए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने इस मामलेे की जांच के लिए एक एसआईटी की गठन भी किया था।


0 Comments