नातिन की शादी में पुलिस ने की मदद

घर का सभी जरूरी सामान व करीब डेढ़ लाख रुपए नगद दिया...

नातिन की शादी में पुलिस ने  की मदद


जयपुर। समाज के पुलिस की छवि कुछ ऐसी है कि पुलिस का सामना करने पर ना जाने क्यों झिझक सी महसूस होती है। पुलिस का नाम सुनते ही डर लगने लगता है लेकिन तस्वीर का दूसरा भी पहलू है। पुलिस का एक ऐसा मानवीय चेहरा सामने आया है, जिसके बारे में जानकर आप भी सराहना करेंगे।

राजस्थान में पुलिस ने संवेदना और सद्भावना का बेहतर परिचय दिया है। राजस्थान के बीकानेर में एक थाने की महिला कुक के लिए उसके थाने के पुलिसवाले परिवार बन गए और उसकी नवासियों की शादी में न सिर्फ सहायता की, बल्कि भात लेकर पहुंचे।

बीकानेर महिला थाना पुलिस में पूनम नाम की महिला कुक काफी समय से खाना बनाती है। वह रोज की मजूदरी पर काम करती है और उसकी आर्थिक् स्थिति बहुत अच्छी नहीं है। उसके बेटे की मौत हो चुकी है और बेटी की भी समय से पहले मौत हो गई। इस बेटी की दो बेटियां हैंं। पूनम ने ही बेटी की दोनों बेटियों को पाल पोस कर बड़ा किया है।

इस थाने के अधिकारी मनोज माचरा और उनकी टीम को जब पता चला कि पूनम की नवासियों की शादी है तो उन्होंने इसकी पूरी सहायता करने का निर्णय किया। महिला पुलिस थाने के स्टाफ और थाना अधिकारी मनोज माचरा रिश्तेदार की तरह शादी में भात लेकर पहुंचे। हौसला अफजाई के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पवन मीणा भी पहुंच गए। पुलिसवालों का यह प्यार देख कर पूनम भावुक हो उठी।

पुलिसकर्मियों ने घर के लिए जरूरत का सभी जरूरी सामान दिया है और साथ ही साथ करीब डेढ़ लाख रुपए नगद भी दिए हैं ताकि अपनी जिंदगी ठीक-ठाक बसर कर सकें। मायरे में हिस्सा लेने पहुंचे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पवन मीना ने कहां की हमारी पुलिस ने एक अच्छी पहल की है. अपनी इच्छा से और दिल से मदद की गई है आगे भी हमसे जो कुछ बन पड़ेगा हम जरूर करेंगे।

गौरतलब है कि राजस्थान में पिछले दिनों इस तरह की यह तीसरी घटना है। इससे पहले जयपुर के करधनी थाने के पुलिसकर्मियों ने थाने के सफाई कर्मचारी की बेटी में इसी तरह की सहायता की थी, वहीं नागौर में शहीद पुलिस कमांडों की बहन की शादी में भी पुलिस वाले भाई की तरह पहुंचे थे और स्कूटी तथा तीन लाख रुपए का भात भरा था।
Reactions

Post a Comment

0 Comments