प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने मेले के संबंध में की बैठक...
ग्वालियर का ऐतिहासिक मेला पूर्ण भव्यता के साथ आयोजित होगा
ग्वालियर l 28 नवम्बर 2019 l ग्वालियर का ऐतिहासिक व्यापार मेला इस वर्ष भी पूरी भव्यता के साथ लगाया जायेगा। मेले में सैलानियों के आकर्षण के लिए विभिन्न प्रकार के आयोजन भी किए जायेंगे। मेले को व्यवस्थित रूप से आयोजित करने के उद्देश्य से मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष प्रशांत गंगवाल के साथ संभागीय आयुक्त एम बी ओझा, कलेक्टर अनुराग चौधरी, पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन, नगर निगम आयुक्त संदीप माकिन, अपर कलेक्टर श्री अनूप कुमार सिंह, मेला प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री प्रवीण अग्रवाल सहित विभागीय अधिकारियों ने गुरूवार को प्राधिकरण के सभाकक्ष में बैठक की।
बैठक में मेले के आयोजन के संबंध में विस्तृत चर्चा कर मेले को भव्य रूप से आयोजित करने के संबंध में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। मेला प्राधिकरण की ओर से मेले के आयोजन के संबंध में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं नगर निगम से अपेक्षित सहयोग की बात रखी गई।
संभागीय आयुक्त श्री ओझा ने कहा कि ग्वालियर का ऐतिहासिक मेला हम सभी का है। सभी के सहयोग से मेले को व्यवस्थित रूप से आयोजित किया जायेगा। मेला प्राधिकरण मेले के आयोजन से पूर्व सभी व्यवस्थायें समय रहते पूर्ण करे।
उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले प्रत्येक दुकानदार को अपने प्रतिष्ठान में फायर सेफ्टी अनिवार्य की जाए। इसके साथ ही विद्युत से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए भी सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पशु मेला आयोजन स्थल पर अनाधिकृत रूप से रहने वाले लोगों को वहां से हटाने की कार्रवाई तत्परता से की जाए।
इसके साथ ही मेले के पीछे के ग्राउण्ड में अनाधिकृत रूप से पशुओं को बांधने तथा गंदगी करने वालों के विरूद्ध दण्डात्मक कार्रवाई की जाए। बैठक में निर्णय लिया गया कि मेला परिसर में कोई भी अनावश्यक रूप से पशुओं को न बांधे और न गंदगी करे, यह भी सुनिश्चित किया जाए।
ऐसा करने वालों के विरूद्ध नियमानुसार दण्डात्मक कार्रवाई की जाए। संभागीय आयुक्त एम बी ओझा ने कहा कि मेला अवधि में मेले की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। इसके लिए आवश्यक हो तो मेला प्राधिकरण ईको ग्रीन कंपनी अथवा अन्य संस्थाओं से अनुबंध कर मेले की सफाई व्यवस्था को चाक-चौबंद रखे।
नगर निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि मेले के पीछे से निकलने वाले नाले की सफाई का कार्य तत्परता से कराया जाए। बैठक में पशु मेला अवधि में पशु लाने वाले वाहनों को मेला स्थल तक आने की अनुमति तथा प्रति सप्ताह पशु मेला हाट का आयोजन में भी वाहनों को आने की अनुमति पुलिस विभाग द्वारा प्रदान की जाए।
कलेक्टर अनुराग चौधरी ने पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन एवं क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी एम पी सिंह को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। निगम के अमले ने मेला परिसर में स्वच्छता का कार्य कराया। कलेक्टर अनुराग चौधरी एवं पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन ने मेला परिसर का भ्रमण कर मैदान में अनाधिकृत रूप से भैंसे बांधकर व्यवसाय करने वालों तथा परिसर में ही गोबर फेंकने वालों को तत्काल पशुओं को हटाने के निर्देश दिए।


0 Comments